Live VNS

डॉलर के मुकाबले रुपये की मजबूती जारी, 25 पैसे की तेजी के साथ बंद हुई भारतीय मुद्रा

डॉलर के मुकाबले रुपये की मजबूती जारी, 25 पैसे की तेजी के साथ बंद हुई भारतीय मुद्रा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। घरेलू विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार (फॉरेक्स मार्केट) में आज भारतीय मुद्रा रुपये ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले शानदार मजबूती दर्ज की है। घरेलू शेयर बाजार में आई शानदार तेजी और विदेशी संस्थागत निवेशकों की ओर से मिल रहे मजबूत सपोर्ट से भारतीय करेंसी को बड़ा सहारा मिला। दिनभर के कारोबार के बाद भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पिछले बंद भाव 93.94 के मुकाबले 0.25 रुपये यानी 0.27 प्रतिशत की जोरदार मजबूती के साथ 93.69 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ।

आज सुबह इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में भारतीय मुद्रा 21 पैसे की बढ़त के साथ 93.73 प्रति डॉलर के स्तर पर खुली थी। कारोबार के दौरान आयातकों की ओर से डॉलर की मांग जारी रहने के बावजूद विदेशी फंड्स के निरंतर इनफ्लो से रुपये ने अपनी बढ़त को मजबूती से कायम रखा। आज दिन के कारोबार के दौरान डॉलर की मांग बढ़ने पर रुपया फिसल कर 93.88 के स्तर तक भी चला गया था। कुछ देर बाद ही इक्विटी मार्केट में डॉलर इनफ्लो बढ़ जाने के कारण रुपये की स्थिति में दोबारा तेजी का रुख बन गया।

दिन के कारोबार में रुपया मजबूत होकर 93.63 रुपये प्रति डॉलर के स्तर तक उछल गया। अंत में भारतीय मुद्रा ने 93.69 (अनंतिम) के स्तर पर आज के कारोबार का अंत किया। माना जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई हालिया नरमी ने भी देश के आयात बिल का बोझ कम होने की उम्मीद जगाई है, जिससे रुपये की सेहत को निचले स्तरों पर अच्छा सहारा मिला।

अमेरिकी डॉलर के साथ-साथ आज दुनिया की अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं की तुलना में भी भारतीय रुपया जोरदार बढ़त बनाने में कामयाब रहा। ब्रिटिश पॉन्ड के खिलाफ भारतीय रुपये में आज चौतरफा मजबूती का रुख बना रहा, जिससे पॉन्ड 1.2641 रुपये यानी एक प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 124.8483 के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह यूरोपीय संघ की साझा मुद्रा यूरो के सामने भी रुपया आज पूरी ताकत दिखाने में सफल रहा। रुपये की मजबूती के कारण यूरो 0.7821 रुपये यानी 0.74 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 104.3580 के स्तर पर बंद हुआ।

अन्य प्रमुख एशियाई मुद्राओं के मुकाबले भी भारतीय रुपये ने आज अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी। जापानी येन के खिलाफ भारतीय रुपया 0.0052 रुपये यानी 0.87 प्रतिशत मजबूत हुआ, जिससे येन का भाव गिरकर 0.5893 रुपये के स्तर पर आ गया। इसी तरह चीनी युआन भी भारतीय मुद्रा के सामने दबाव में नजर आया और यह 0.0329 रुपये यानी 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 14.0461 के स्तर पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा बाजार के जानकारों का कहना है कि दुनिया की प्रमुख छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स आज 0.30 अंक यानी 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 102.53 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। डॉलर इंडेक्स की इस तेजी के बावजूद भारतीय बाजारों में विदेशी पूंजी के बढ़ते प्रवाह ने रुपये को मजबूती प्रदान की है। बाजार विश्लेषकों के अनुसार, यदि विदेशी निवेशकों की लिवाली का यह सिलसिला जारी रहता है, तो रुपया आने वाले सत्रों में भी अपनी बढ़त को कायम रख सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…