Live VNS

रेवाड़ी से आगरा के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू

रेवाड़ी से आगरा के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रेवाड़ी, 22 नवंबर (हि.स.)। रेवाड़ी के कोसली सब डिपो से आगरा के लिए रोडवेज बस सेवा दोबारा शुरू कर दी गई है। यह बस कोसली से सुबह 4:55 बजे रवाना होकर रेवाड़ी होते हुए पलवल और मथुरा के रास्ते दोपहर करीब 12 बजे आगरा पहुंचेगी।

बस सेवा शुरू होने से रेवाड़ी के साथ गुरुग्राम और पलवल जिले के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, बावल और धारूहेड़ा के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए भी आवागमन आसान होगा।

कार्य निरीक्षक जसवंत सिंह ने रविवार को बताया कि आगरा रूट पर बस का दोबारा संचालन शुरू किया गया है।

यह बस पहले भी इस रूट पर चलती थी, लेकिन यात्रियों की कम बुकिंग के कारण इसका संचालन बंद कर दिया गया था। अब वैवाहिक सीजन को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए इसे फिर से शुरू किया गया है।

उन्होंने बताया कि बस कोसली से रवाना होकर रेवाड़ी, भिवाड़ी, सोहना, पलवल, होडल, कोसी, मथुरा और फरह होते हुए आगरा पहुंचेगी। वापसी में बस आगरा से दोपहर 12:40 बजे रवाना होगी। यह दोपहर 3:40 बजे पलवल पहुंचेगी और शाम 6:40 बजे रेवाड़ी होते हुए कोसली पहुंचेगी।

बस में कोसली से आगरा तक का किराया 380 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि रेवाड़ी से आगरा जाने वाले यात्रियों को 335 रुपये किराया देना होगा।

बस सेवा दोबारा शुरू होने से आगरा और मथुरा जाने वाले यात्रियों को सीधी परिवहन सुविधा मिलेगी। खासकर रोजगार के लिए बावल और धारूहेड़ा में रहने वाले उत्तर प्रदेश के लोगों को इसका फायदा होगा। कार्य निरीक्षक जसवंत सिंह ने बताया कि यात्रियों की मांग के अनुसार अन्य रूटों पर भी रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…