रेवाड़ी में एम्स को हाईवे से जोड़ने के लिए 200 करोड़ मंजूर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रेवाड़ी, 20 नवंबर (हि.स.)। माजरा स्थित निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को रेवाड़ी-नारनौल राष्ट्रीय राजमार्ग-11 से सीधे जोड़ने के लिए करीब 200 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिल गई है। इसके तहत रेलवे लाइन के ऊपर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और मल्टीपल लूप वाला ट्रंपेट इंटरचेंज बनाया जाएगा। इससे वाहन चालक हाईवे से सीधे एम्स तक पहुंच सकेंगे। परियोजना को पूरा करने के लिए 24 महीने की समय सीमा तय की गई है।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पहले इस स्थान पर अंडरपास बनाने की योजना थी, लेकिन बाद में इसमें बदलाव करते हुए रेलवे ओवरब्रिज और ट्रंपेट इंटरचेंज बनाने का निर्णय लिया गया। लोक निर्माण विभाग की ओर से परियोजना के लिए टेंडर भी आमंत्रित कर दिए गए हैं।
परियोजना के तहत रेवाड़ी-नारनौल रेलवे लाइन और रेवाड़ी-नारनौल डीएफसीसीआईएल की ओएचई नंबर 1316 के ऊपर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही ट्रंपेट इंटरचेंज विकसित होगा। इसमें अलग-अलग दिशाओं से आने और जाने वाले वाहनों के लिए कई लूप बनाए जाएंगे। इससे वाहन चालकों को हाईवे पर सुरक्षित तरीके से चढ़ने और उतरने की सुविधा मिलेगी।
गौरतलब है कि माजरा एम्स में अक्टूबर से एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। संस्थान में एमबीबीएस की 50 सीटें मंजूर की गई हैं। हालांकि, अभी मरीजों के लिए ओपीडी सेवाएं शुरू होने का इंतजार है। नए साल में ओपीडी सेवाएं शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
ओवरब्रिज और इंटरचेंज बनने से एम्स पहुंचने वाले मरीजों, उनके परिजनों और एंबुलेंस को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला