रेवाड़ी में केशव हत्याकांड का छठा आरोपी काबू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
रेवाड़ी, 25 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव सुंदरोज में केशव शर्मा हत्याकांड में सीआईए रेवाड़ी ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव सुंदरोज निवासी आकाश के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी आकाश को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी और मारपीट के पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सीआईए रेवाड़ी इंचार्ज निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि गांव सुंदरोज निवासी राम शर्मा ने थाना रामपुरा में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार वह अपने भाई केशव शर्मा के साथ पिकअप गाड़ी में घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइकों पर सवार नितिन, आकाश, दीपांशु और संजय ने उनका पीछा किया। आरोपियों के पास पिस्तौल और तलवारें थीं। उन्होंने दोनों भाइयों पर हमला कर दिया और केशव से सोने की चेन, अंगूठी व 50 हजार रुपये छीन लिए।
इसके बाद आरोपी उनके घर में घुस गए और वहां पथराव किया। हमले में राम शर्मा और केशव को गंभीर चोटें आईं। केशव की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेवाड़ी से पीजीआई रोहतक रेफर किया गया था। उपचार के दौरान पांच अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी थी।
पुलिस ने पहले इस मामले में एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें परखोतमपुर निवासी दीपांशु, भोहतवास अहीर निवासी धीरज और सुंदरोज निवासी नितिन व संजय शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल चार डंडे भी बरामद किए थे। अब सीआईए ने आकाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ मॉडल टाउन, खोल, रामपुरा और भिवानी जीआरपी थाने में चोरी व मारपीट के पांच मामले दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला