पायलट बोले- राजस्थान में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू, ग्रामीण जनता ने दिया बदलाव का संदेश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने बुधवार को जयपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए राजस्थान के हालिया ग्रामीण चुनाव परिणामों को भाजपा सरकार के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनादेश बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने जो संदेश दिया है, वह केवल प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में भाजपा शासन के प्रति बढ़ते असंतोष की भावना को दर्शाता है। पायलट ने दावा किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा का लगभग सूपड़ा साफ हो गया है और जनता ने प्रदेश की तीन वर्ष की भाजपा सरकार के साथ-साथ केंद्र के शासन को भी आईना दिखाया है।
पायलट ने कहा कि भाजपा के शासन में मनरेगा को कमजोर करने, किसानों के खिलाफ तीन कृषि कानून लाने, युवाओं से जुड़े मुद्दों, पेपर लीक और आंदोलनों के दौरान बल प्रयोग जैसे विषयों को लेकर लोगों में असहजता है। उनके अनुसार राजस्थान में हुए मतदान में कानून-व्यवस्था, युवाओं के साथ कथित धोखे और सरकार की नाकामियों के प्रति जनता का आक्रोश दिखाई दिया और लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस को बहुमत मिला है, वहां जिला प्रमुख और प्रधान के पदों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे। पायलट ने कहा कि इन चुनाव परिणामों से यह संदेश गया है कि भाजपा का विकल्प कांग्रेस है और आने वाले समय में ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन तथा विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
‘भाजपा को आत्मचिंतन करना चाहिए’
सचिन पायलट ने भाजपा पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को अपने घोषणापत्र और सदन में दिए गए आश्वासनों पर आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्होंने चार लाख नौकरियों के वादे और भ्रष्टाचार के मुद्दे का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में नेता और अधिकारी मिलकर जनता को परेशान कर रहे हैं। पायलट ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को चुनाव में मजबूती से खड़े रहने के लिए धन्यवाद देते हुए इसे ‘टीम राजस्थान’ की जीत बताया।
उन्होंने कहा कि अब भाजपा की ‘उल्टी गिनती’ शुरू हो चुकी है। पायलट ने दावा किया कि नगर निकाय चुनावों में कथित दबाव और धांधली के बावजूद कांग्रेस और भाजपा के बीच मतों का अंतर एक प्रतिशत से कम था, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस को लगभग पांच प्रतिशत अधिक मत मिले। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक दबाव और अन्य कोशिशों के बावजूद कांग्रेस के निर्वाचित सदस्य एकजुट हैं।
‘जनता किसी की जेब में नहीं’
पायलट ने कहा कि कोई यह नहीं समझे कि जनता किसी की जेब में है और जैसा कहा जाएगा, वैसा ही मतदान करेगी। उन्होंने सरकार और भाजपा को अहंकार से बचने तथा चुनाव परिणामों से सबक लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह जीत राजस्थान के लोगों और प्रदेश के युवाओं की जीत है।
राजस्थान में कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे के सवाल पर पायलट ने कहा कि अभी विधानसभा चुनाव लगभग दो वर्ष दूर हैं, इसलिए इस मुद्दे पर चर्चा का कोई तर्क नहीं है। उन्होंने कहा कि जब चुनाव होंगे तो कांग्रेस आज मिले बहुमत से भी अधिक सीटों के साथ सरकार बनाएगी। फिलहाल प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में निर्वाचित प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी निभाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की है।
2029 में केंद्र में सत्ता परिवर्तन का दावा
पायलट ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष की जीत और केंद्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन को हटाकर ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और अन्य राज्यों में भी कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।
परिसीमन को लेकर केंद्र पर निशाना
परिसीमन के मुद्दे पर पायलट ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक हित साधने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सामान्य प्रक्रिया में पहले जनगणना होती है, इसके बाद परिसीमन आयोग गठित किया जाता है और उसकी सिफारिशों के आधार पर आगे की कार्रवाई होती है। पायलट ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के जरिए राजनीतिक संख्या बल बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर एकजुट है और लोकतंत्र की जीत होगी।
पंजाब में भाजपा-अकाली गठबंधन को बताया ‘मजबूरी’
पंजाब में भाजपा और अकाली दल के गठबंधन पर भी पायलट ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर अकाली दल ने पहले भाजपा से दूरी बनाई थी, वे मुद्दे समाप्त नहीं हुए हैं। पायलट ने इस गठबंधन को राजनीतिक मजबूरी और अवसरवादिता का उदाहरण बताते हुए दावा किया कि पंजाब की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने पंजाब में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच होने का दावा किया। पायलट ने आम आदमी पार्टी सरकार पर कानून-व्यवस्था और नशे के मुद्दे पर विफल रहने के आरोप लगाए और कहा कि राज्य में जल्द राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने पंजाब में गैंगस्टर, फिरौती, सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों और हथियारों की कथित तस्करी तथा पुलिसकर्मियों की हत्या जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए सरकार पर गंभीर सवाल उठाए।
पायलट ने कहा कि कांग्रेस पंजाब में साफ छवि वाले और जनता के बीच सक्रिय नए लोगों को चुनाव में अवसर देने पर विचार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में सत्ता परिवर्तन की जमीन तैयार हो रही है।
उत्तर प्रदेश में गठबंधन से चुनाव लड़ने का संकेत
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पायलट ने कहा कि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य दल मिलकर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत के लिए अभी समय है और प्रदेश की जनता के हित में संख्या बल के आधार पर सहमति बनाई जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि विपक्षी दल मिलकर उत्तर प्रदेश में भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे।
पायलट ने आरोप लगाया कि जिला प्रमुख चुनावों से पहले भी कांग्रेस के निर्वाचित सदस्यों पर दबाव बनाने और उन्हें प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के जिला परिषद सदस्य एकजुट हैं और पार्टी के चुनाव चिह्न पर ही मतदान करेंगे।
अंत में पायलट ने कहा कि कांग्रेस में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर संगठन और जनता को प्राथमिकता दी जाती है। पार्टी नेतृत्व की ओर से जिसे जो जिम्मेदारी दी जाती है, कार्यकर्ता उसे स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य राजस्थान सहित पंजाब और अन्य राज्यों में जनता का विश्वास हासिल कर बेहतर शासन देना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित