अकाली दल के साथ राजनीतिक नहीं दिलों का गठबंधन:नायब सैनी
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
पंजाब वासियों की भावनाओं के अनुसार लिया फैसला
चंडीगढ़, 24 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन को लेकर कहा कि यह केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि दिलों का गठबंधन है। यह फैसला पंजाब के लोगों की आवाज और उनके हितों को ध्यान में रखकर लिया गया है।
गठबंधन के बाद जारी बयान में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पंजाब के लोग बदलाव चाहते हैं और उनकी भावनाओं के अनुरूप ही यह कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लगातार पंजाब में जा रहे हैं। वहां के लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। पंजाब में गैंगस्टरवाद फैल रहा है और प्रदेश के लोग इससे परेशान हैं। वहां के लोग मौजूदा हालात से तंग आ चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले कांग्रेस ने पंजाब के लोगों के साथ न्याय नहीं किया और अब आम आदमी पार्टी की सरकार में भी लोगों को अत्याचार झेलना पड़ रहा है।
पंजाब की मौजूदा सरकार ने अपने पांच साल का कार्यकाल चुटकुलों में ही निकाल दिया। कांग्रेस ने भी अपने शासनकाल में प्रदेश के विकास के लिए कुछ नहीं किया। नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब को खुशहाल और मजबूत बनाने का काम किया जाएगा। वहां महिलाओं का सम्मान सुनिश्चित होगा, युवाओं को उनके अधिकार और बेहतर अवसर मिलेंगे तथा गरीबों के उत्थान के लिए काम किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा