Live VNS

1.35 करोड़ की लागत से बने राष्ट्रभक्त दानवीर भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का हुआ उद्घाटन

1.35 करोड़ की लागत से बने राष्ट्रभक्त दानवीर भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का हुआ उद्घाटन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सहरसा, 17 नवंबर (हि.स.)। शहर के न्यू कॉलोनी स्थित नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-13 में 1.35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दानवीर भामाशाह चिल्ड्रेन पार्क का मंगलवार को बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डा. रामचंद्र प्रसाद ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। दानवीर भामाशाह को समर्पित इस पार्क को बच्चों के मनोरंजन और खेलकूद के लिए विकसित किया गया है।

उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के मंत्री रत्नेश सादा, पूर्व विधायक गुंजेश्वर साह, पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक आलोक रंजन, पूर्व विधायक सुरेंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा, नगर निगम की महापौर बैनप्रिया, लोजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र शर्मा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज गुप्ता, चंदन बागची, सुबोध साह एवं शशांक कुमार विक्की सहित भाजपा, लोजपा और जदयू के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं वन प्रमंडल पदाधिकारी भरत चिंतापल्ली तथा डीडीसी सह प्रभारी नगर आयुक्त गौरव कुमार भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

इस अवसर पर मंत्री डा. रामचंद्र प्रसाद ने पार्क को बच्चों को समर्पित करते हुए कहा कि 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए पार्क में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। बच्चे यहां आकर खेलकूद और मनोरंजन के साथ पार्क की सैर का आनंद उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण शहर के विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल है। इससे बच्चों को खेलकूद, मनोरंजन और स्वस्थ वातावरण में समय बिताने का बेहतर अवसर मिलेगा।

वहीं, दानवीर भामाशाह विचार मंच सहित वैश्य समाज के लोगों ने चिल्ड्रेन पार्क का नाम दानवीर भामाशाह के नाम पर रखे जाने पर मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

--

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…