Live VNS

भास्कर महोत्सव में सात वर्षीय कृतिका के नृत्य ने बटोरीं खूब तालियां, स्नेहा झा के लोकगीतों ने बांधा समां

भास्कर महोत्सव में सात वर्षीय कृतिका के नृत्य ने बटोरीं खूब तालियां, स्नेहा झा के लोकगीतों ने बांधा समां

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सहरसा, 16 नवंबर (हि.स.)।

शहर के मत्स्य विभाग स्थित सात पोखरिया घाट पर लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन सहरसा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय भास्कर महोत्सव सोमवार को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हो गया। महोत्सव के अंतिम दिन कलाकारों की गीत-संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान सात वर्षीय बाल कलाकार कृतिका झा मिष्टी अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुति से आकर्षण का केंद्र बनी रही। पतरघट प्रखंड क्षेत्र के कहरा निवासी कृतिका के मंच पर पहुंचते ही तालियों की गड़गड़ाहट से पंडाल गूंज उठा। वायरल गर्ल के नाम से चर्चित कृतिका ने 'पटना के घाट पर...', 'केलवा के पात पर...' सहित अन्य लोकप्रिय छठ गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

वहीं, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा ने अपनी सुरीली आवाज में 'शीतली बयरिया...', 'समा खेले चलली...' सहित विभिन्न लोकगीतों की प्रस्तुति देकर महोत्सव में लोक संस्कृति का रंग घोल दिया। उनकी गायिकी पर दर्शक झूमते नजर आए।

महोत्सव में स्थानीय गायक वेद प्रकाश, शास्त्रीय संगीत गायिका त्रिशा आनंद, शास्त्रीय नृत्यांगना जिम्मी शर्मा, लोकगीत गायिका निगम कुमारी एवं डॉली कुमारी की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। सभी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाया।

मालूम हो कि कृतिका झा मिष्टी महज चार वर्ष की उम्र से ही सांस्कृतिक मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही है। वह सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा जिले के कई प्रमुख महोत्सवों में प्रस्तुति देकर बाल कलाकार के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है। जिला स्थापना दिवस, वसंत महोत्सव, कोसी महोत्सव, उग्रतारा महोत्सव, मकर संक्रांति महोत्सव, सुपौल के तिलहेश्वर महोत्सव तथा मधेपुरा के सिंहेश्वर महोत्सव में भी वह अपनी कला का प्रदर्शन कर चुकी है।

बेहतर प्रदर्शन के लिए सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा जिला प्रशासन की ओर से कृतिका को कई बार प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया जा चुका है। वसंत महोत्सव में उसकी नृत्य प्रस्तुति के वीडियो को ढाई लाख से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। वर्तमान में वह स्वरांजलि में प्रो. भारती सिंह के मार्गदर्शन में गायन तथा आम्रपाली प्रशिक्षण संस्थान में नृत्य का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…