आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने पर छोटे भाई रतन कुमार सिंह ने जताई नाराजगी, लगाया राजनीतिक साजिश का आरोप

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सहरसा, 26 नवंबर (हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट द्वारा पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई रद्द किए जाने के फैसले पर उनके छोटे भाई रतन कुमार सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस घटनाक्रम को एक गहरी राजनीतिक साजिश करार देते हुए आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ मुखर होकर बयानबाजी करने के कारण आनंद मोहन को दोबारा जेल भेजने का षड्यंत्र रचा गया है।
रतन कुमार सिंह ने परिवार की भावनात्मक स्थिति साझा करते हुए बताया कि इस खबर से पूरा परिवार गमगीन है। उन्होंने कहा कि उनकी मां की उम्र लगभग 105 वर्ष है और उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए अभी तक उन्हें इस फैसले की जानकारी नहीं दी गई है। रतन सिंह के मुताबिक, आज का दिन उनके परिवार के लिए बेहद दुखद है और यह फैसला सभी को गहरी चिंता में डालने वाला है।
अपने भाई के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए रतन कुमार सिंह ने कहा कि आनंद मोहन करीब 72 वर्ष के हो चुके हैं और उनकी तबीयत भी अक्सर ठीक नहीं रहती है। उन्होंने कहा कि जीवन के इस पड़ाव और खराब स्वास्थ्य के बीच उन्हें दोबारा जेल जाना पड़े, यह किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है। इस फैसले ने परिवार की परेशानियों और चिंताओं को और अधिक बढ़ा दिया है। रतन कुमार सिंह ने पूरी कार्रवाई को राजनीतिक दबाव और प्रतिशोध का हिस्सा बताया।
उन्होंने याद दिलाया कि बिहार सरकार ने जेल नियमावली में विधिवत संशोधन कर आनंद मोहन की रिहाई का मार्ग प्रशस्त किया था, जिसके बाद वे जेल से बाहर आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अब राजनीतिक द्वेष और भाजपा विरोधी बयानों की वजह से उन्हें पुनः सलाखों के पीछे भेजने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी