कंदाहा सूर्य मंदिर को मिलेगा राष्ट्रीय स्वरूप, डीपीआर के लिए सर्वेक्षण शुरू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सहरसा, 25 नवंबर (हि.स.)। जिले के महिषी प्रखंड स्थित ऐतिहासिक व पौराणिक कंदाहा सूर्य मंदिर के कायाकल्प की कवायद तेज हो गई है। मंदिर को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, कला संस्कृति एवं युवा विभाग तथा भवन निर्माण विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा के नेतृत्व में 24 नवंबर को सर्वेक्षण टीम में भवन निर्माण निगम के एजीएम रामनन्दन प्रसाद, पटना ने कंदाहा सूर्य मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जानकारी दी गई कि बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग की पहल पर बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के अभियंताओं की विशेष टीम ने विस्तृत कार्ययोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने के लिए स्थल का सर्वेक्षण किया है।
सर्वेक्षण की बाबत सहरसा के जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा ने बताया कि डीपीआर तैयार करने के लिए स्थल का निरीक्षण किया गया और अब जल्द ही सौन्दर्यीयकरण की दिशा कार्य आगे बढ़ेगा।
यात्री सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का होगा विकास
पुरातत्व एवं संग्रहालय निदेशालय के अनुसार, विभाग द्वारा स्थल की समीक्षा के बाद मंदिर परिसर में बाउंड्री वॉल, प्रकाश व्यवस्था और बुनियादी यात्री सुविधाओं का विकास करने हेतु डीपीआर बनाने के लिए कंसल्टेंट बहाल करने की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं।
राज्य स्तरीय छठ और सूर्य महोत्सव का प्रस्ताव
दूसरी ओर, जिला प्रशासन द्वारा सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदन के आधार पर मंदिर परिसर में राज्य स्तरीय छठ महापर्व और राजकीय कंदाहा सूर्य महोत्सव के आयोजन से जुड़ा प्रस्ताव पहले ही कला एवं संस्कृति विभाग को भेजा जा चुका है।
गौरतलब है कि कंदाहा सूर्य मंदिर वर्ष 1981 से बिहार राज्य पुरातत्त्व निदेशालय के अधीन संरक्षित स्थल है। यह मंदिर अपने प्राचीन शिलालेखों, काले ग्रेनाइट पत्थर से निर्मित सूर्य प्रतिमा और ऐतिहासिक सूर्यकुंड के लिए दूर-दूर तक विख्यात है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी