Live VNS

भारतमाला सड़क पर हादसों  को ले सांसद ने उठाई फुट ओवरब्रिज की मांग

भारतमाला सड़क पर हादसों  को ले सांसद ने उठाई फुट ओवरब्रिज की मांग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सहरसा, 26 नवंबर (हि.स.)।भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन सड़क पर आम लोगों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर मधेपुरा के सांसद दिनेशचंद्र यादव ने पछगछिया और तुलसीयाही बाजार के पास फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाई है।

सांसद दिनेशचंद्र यादव ने कहा कि नई सड़क के निर्माण के साथ ही तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण पछगछिया चौक सहित कई स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है।

सांसद ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पत्र सौंपा था। उन्होंने कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में लोगों को सड़क के एक ओर से दूसरी ओर जाने के लिए सुरक्षित व्यवस्था मिलनी चाहिए। दिनेशचंद्र यादव के अनुसार, भारतमाला परियोजना के तहत सर्विस लेन को अलग कर बैरिकेडिंग की जा रही है, लेकिन आम लोगों के आवागमन के लिए पर्याप्त क्रॉसिंग की व्यवस्था नहीं की गई है। इसी कारण बिहरा-पछगछिया में दो स्थानों और आगे तुलसीयाही बाजार के पास फुट ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव दिया गया था।

सांसद दिनेशचंद्र यादव ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने उनके प्रस्ताव पर विचार कराने का आश्वासन दिया था। उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतिम चरण में पहुंचने के कारण फिलहाल इसका निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अलग से कराने की बात कही गई है। सांसद ने कहा कि वे क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लगातार संबंधित स्तर पर पहल करते रहे हैं और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन करना लोगों का अधिकार है, इसलिए समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाना चाहिए।

पूर्व सांसद आनंद मोहन की जमानत रद्द होने से जुड़े सवाल पर दिनेशचंद्र यादव ने कहा कि उन्हें फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के आदेश की विस्तृत जानकारी नहीं है, इसलिए न्यायिक आदेश पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि यदि ऐसी स्थिति बनती है तो यह क्षेत्र के लिए दुखद होगा, क्योंकि आनंद मोहन जनप्रतिनिधि रहे हैं और उनके साथ ऐसी स्थिति उत्पन्न होना अच्छा नहीं लगेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…