Live VNS

सांसद कराएंगे 51 लाडली बहनों की शादी, सामूहिक पंडाल में गूंजेगी मंगल शहनाई की मधुर धुन

सांसद कराएंगे 51 लाडली बहनों की शादी, सामूहिक पंडाल में गूंजेगी मंगल शहनाई की मधुर धुन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सहरसा, 28 नवंबर (हि.स.)। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेटियों की शादी की चिंता को दूर करने के उद्देश्य से खगड़िया के लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद राजेश वर्मा ने 51 बेटियों का सामूहिक विवाह कराने का संकल्प लिया है। हमारी बहना, हमारा परिवार – सामूहिक विवाह महोत्सव 2027 नाम से शुरू की गई यह अनूठी पहल बेटियों के सम्मान, सुखद भविष्य और उनके नवजीवन की मंगलमय शुरुआत को समर्पित एक आत्मीय प्रयास है।

भव्य व सामूहिक पंडाल में जब मंगल शहनाई की मधुर तान छेड़ी जाएगी और पावन विवाह मंत्रों की गूंज फिजाओं में घुलेगी, तब हर आंगन खुशियों से जगमगा उठेगा। इस जनकल्याणकारी पहल के तहत खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के खगड़िया स्थित सांसद कार्यालय और सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित सांसद प्रतिनिधि कार्यालय में निःशुल्क निबंधन की प्रक्रिया जारी है। जानकारी के अनुसार, अब तक ढाई दर्जन से अधिक लड़कियों का पंजीकरण हो चुका है।

इस सामाजिक पहल को लेकर सांसद राजेश वर्मा ने अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियों का विवाह कराना एक महापुनीत कार्य है। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी किसी भी पिता के अरमानों के आड़े न आए, इसी सोच के साथ यह कदम उठाया गया है। सांसद के अनुसार, सभी लाडली बहनों के हाथों में मेहंदी रचाई जाएगी, वैदिक मंत्रोच्चार व शहनाई की गूंज के बीच पवित्र बंधन सजाया जाएगा और भव्य पंडाल से हर्षोल्लास के साथ उनकी विदाई की जाएगी।

सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन ने बताया कि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के लिए कन्या के अनुकूल स्वजातीय वर तलाशने में भी पूरा सहयोग प्रदान किया जा रहा है। सभी 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह एक भव्य पंडाल में धूमधाम से संपन्न कराया जाएगा, जिसमें प्रति विवाह 3 से 4 लाख रुपये तक खर्च होने का अनुमान है। यह सामूहिक विवाह समारोह नए साल में मकर संक्रांति के बाद पड़ने वाले शुरुआती लग्न में आयोजित किए जाने की संभावना है और इससे पहले तक 51 बेटियों के निबंधन का कार्य निरंतर चलता रहेगा।

आयोजकों ने खगड़िया लोकसभा एवं सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों से अपील की है कि जिनकी बेटियों का विवाह होना है, वे इस पहल का हिस्सा बनकर बेटियों के सपनों को नई उड़ान दें। इच्छुक परिवार सांसद कार्यालय, खगड़िया अथवा सिमरी बख्तियारपुर कार्यालय ( हेल्पलाइन मोबाइल नंबर9939482284) पर संपर्क कर निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…