सुरसर नदी में जहर डालकर सामूहिक मछली शिकार, जलीय पारिस्थितिकी तंत्र पर गंभीर संकट

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सहरसा, 27 नवंबर (हि.स.)। जिला के सोनवर्षाराज अंचल क्षेत्र से होकर बहने वाली सुरसर नदी में बीते गुरुवार की देर रात अज्ञात संगठित गिरोह द्वारा जहर डालकर हजारों क्विंटल मछलियों का सामूहिक शिकार किए जाने से पूरे जलीय पारिस्थितिकी तंत्र पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह मिलते ही आसपास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी के तटों पर मछली पकड़ने के लिए जुट गए।
इस मामले में डीएफओ भरत चिन्तापली ने कहा कि ऐसा करना जलचरों और मानव प्राणियों के लिए भी जघन्य अपराध है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम को जांच के लिए भेजा जा रहा है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इधर अंचल के सीओ ललन चौधरी ने कहा कि यह पर्यावरण के प्रति गंभीर अपराध है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोसी नदी की छारण धारा मानी जाने वाली सुरसर नदी में गुरुवार रात माफियाओं ने जहरीला रसायन मिला दिया, जिससे बड़ी संख्या में मछलियां मर गईं। आरोप है कि गिरोह के सदस्यों ने रातोंरात हजारों क्विंटल मछलियों को इकट्ठा कर खुले बाजार में बेच दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, छठ पर्व के तत्काल बाद हर वर्ष इस तरह की अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जाता है, लेकिन प्रभावी निगरानी और पूर्व कार्रवाई के अभाव में गिरोह आसानी से बच निकलता है। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीणों को इसकी भनक लगी तो बैठ मुशहरी, बड़गांव, सरौनी, मधेपुरा, नोनैती, सहशौल, बेहट और मैना क्षेत्र के लोग घाटों पर उमड़ पड़े।
युवा पर्यावरणविद भगवानजी पाठक ने कहा कि इस तरह की घटना पर्यावरण और जैव विविधता के लिहाज से यह बेहद गंभीर है। नदी में जहर डालने से केवल बड़ी मछलियां ही नहीं मरतीं, बल्कि छोटी मछलियां, अंडे, झींगा, घोंघे, केकड़े और सूक्ष्म जीव भी नष्ट हो जाते हैं। इससे प्रजनन चक्र बाधित होता है और मछलियों की कई पीढ़ियों व दुर्लभ प्रजातियों के विलुप्त होने का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही छोटी मछलियां व सूक्ष्म जीव समाप्त होने से पूरी खाद्य श्रृंखला प्रभावित होती है, जिसका असर मछली खाने वाले पक्षियों व अन्य जीवों पर पड़ता है। जल प्रवाह के साथ जहरीला असर अन्य क्षेत्रों तक फैल सकता है, जिससे नदी की स्वयं को स्वच्छ रखने की क्षमता भी कमजोर पड़ती है। इसके अलावा विषैली मछलियों के सेवन से मानव स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है और मछुआरों की आजीविका पर भी संकट गहराता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सोनी