Live VNS

भगवान सहस्रबाहु जयंती पर 16 नवंबर को कोरबा में निकलेगी भव्य शोभायात्रा

भगवान सहस्रबाहु जयंती पर 16 नवंबर को कोरबा में निकलेगी भव्य शोभायात्रा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कोरबा, 12 नवंबर (हि. स.)। कलचुरी–कलार समाज के आराध्य देव भगवान श्री सहस्रबाहु अर्जुन जी की जयंती के अवसर पर 16 नवंबर 2026, सोमवार को कोरबा में भव्य धार्मिक एवं सामाजिक समारोह का आयोजन किया जाएगा। सर्ववर्गीय जायसवाल–कलार समाज, युवा सभा एवं महिला सभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में शहर सहित जिलेभर के समाजजन शामिल होंगे। जयंती के अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

समारोह को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह है और तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। कटघोरा, पाली, दीपका, बालको, जमनीपाली सहित जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों से बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधुओं के पहुंचने की संभावना है। समाज के पदाधिकारी एवं युवा कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क कर लोगों को आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।

शोभायात्रा 16 नवंबर को दोपहर 3 बजे रामजानकी मंदिर, पुराना बस स्टैंड कोरबा से प्रारंभ होगी। यह नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मिशन रोड स्थित कलचुरी भवन पहुंचेगी। शोभायात्रा में पारंपरिक लोकनृत्य दल, ढोल-धुमाल, आकर्षक झांकियां और भगवान श्री सहस्रबाहु जी की मनमोहक साज-सज्जा मुख्य आकर्षण रहेंगे। समाज के महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चे पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर जयकारों के साथ नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर करेंगे।

कलचुरी भवन पहुंचने के बाद भगवान श्री सहस्रबाहु जी का विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती की जाएगी। इसके साथ ही धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन और सामाजिक बंधुओं का मेल-मिलाप भी होगा। साथ ही नई पीढ़ी को समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और महापुरुषों के आदर्शों से परिचित कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान श्री सहस्रबाहु अर्जुन जी का जीवन शौर्य, साहस, पराक्रम, न्यायप्रियता और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। उनकी जयंती समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक पहचान को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

सर्ववर्गीय जायसवाल–कलार समाज, कोरबा ने जिले के समस्त स्वजातीय बंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं बच्चों से सपरिवार समारोह में शामिल होने की अपील की है। समाज के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर जयंती समारोह को भव्य और यादगार बनाने का आग्रह किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…