संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकली भव्य शोभायात्रा का नाहन पहुंचने पर जोरदार स्वागत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नाहन, 23 नवंबर (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली गई भव्य शोभायात्रा सोमवार को परवाणु-कुमारहट्टी-नैनाटिक्कर होते हुए नाहन पहुंची। नाहन पहुंचने पर क्षेत्रवासियों, माताओं एवं बहनों ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला
इस अवसर पर संत रविदास महाराज को पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा एक सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम ने की तथा मुख्य वक्ता के रूप में लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज उपस्थित रहीं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इस अवसर पर कहा कि रविदास महाराज की शिक्षाएं 650 वर्ष पूर्व भी उतनी ही तर्कसंगत थीं और आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि संत रविदास जी का संदेश था कि “जाति-पाति पूछे नहीं कोई, हरि को भजे सो हरि का होई।” अर्थात प्रभु का, श्रीराम का और हरि का भजन करने वाला भगवान का होता है। इसलिए जातिगत आधार पर समाज को बांटना न धर्म के हित में है, न सनातन के हित में और न ही देश के हित में। हमें संतों की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करना चाहिए।संगिक हैं। संत रविदास ने अपने विचारों और वाणी के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
डॉ. बिंदल ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि आजादी के बाद से लेकर कांग्रेस ने अंग्रेजों की नीति को अपनाया और भारतीय समाज में लगातार फूट डालते हुए वोट लेने का काम किया। कांग्रेस पार्टी आज भी फूट डालो और राज करो की नीति पर काम कर रही है। समाज का ताना-बाना तोड़ने का महापाप कांग्रेस पार्टी ने किया है और भारत की करोड़ों-करोड़ों जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की यह यात्रा सामाजिक समरसता का संदेश लेकर आई है। भारत माता के सभी पुत्र और पुत्रियां आपस में भाई-बहन हैं। यही भाव प्रत्येक व्यक्ति के मन में जागृत होना चाहिए। समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर परस्पर सम्मान, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करना ही इस यात्रा का उद्देश्य है। यह यात्रा संत रविदास जी महाराज के विचारों और उनके समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर