Live VNS

सांची में दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव कल से, 74 साल में पहली बार एक ही वर्ष में दूसरी बार तहखाने से निकलेंगे बुद्ध के शिष्यों के अस्थि कलश

सांची में दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव कल से, 74 साल में पहली बार एक ही वर्ष में दूसरी बार तहखाने से निकलेंगे बुद्ध के शिष्यों के अस्थि कलश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- सारिपुत्र और महामोदग्लायन के अवशेषों के दर्शन करेंगे श्रद्धालु, मंगोलिया यात्रा के बाद फिर बाहर आएंगे कलश, पांच देशों के अनुयायी जुटेंगे

सांची (रायसेन) मध्य प्रदेश , 27 नवंबर (हि.स.)। यूनेस्को की विश्व धरोहर सांची के स्तूप परिसर में कल (28 नवंबर) से दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव शुरू हो रहा है। इस बार महोत्सव इसलिए भी खास है कि भगवान बुद्ध के दो परम शिष्यों सारिपुत्र और महामोदग्लायन के अस्थि कलश 74 साल के इतिहास में पहली बार एक ही वर्ष में दूसरी बार तहखाने से बाहर निकलकर दर्शन के लिए रखे जाएंगे। आमतौर पर ये कलश साल में एक बार ही निकाले जाते हैं। इससे पहले 28 मई 2026 को इन्हें मंगोलिया भेजा गया था, जो करीब एक महीने बाद जून में सांची लौटे। अस्थि कलश अब तक दो बार विदेश (थाईलैंड और मंगोलिया) जा चुके हैं।

कल का कार्यक्रम

शनिवार सुबह 7 बजे: सांची रेलवे स्टेशन के पास महाबोधि सोसायटी से शोभायात्रा निकलेगी। इसमें भगवान बुद्ध की प्रतिमा के साथ भारत, जापान, श्रीलंका, वियतनाम, सिंगापुर और थाईलैंड सहित कई देशों के अनुयायी शामिल होंगे। सुबह 9 बजे: प्रशासन की मौजूदगी में मंदिर के गर्भगृह का ताला खोलकर तलघर से कलश निकाले जाएंगे। अनुयायी इन्हें सिर पर रखकर मंदिर तक लाएंगे। सुबह 10 बजे: भोग लगेगा, फिर परिक्रमा और पूजा-अर्चना होगी। दिनभर श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। शाम 5 बजे: निर्धारित प्रक्रिया के तहत कलश वापस तलघर में सुरक्षित रखे जाएंगे।

रविवार को भी यही प्रक्रिया दोहराई जाएगी। उस दिन भगवान बुद्ध के जीवन पर नृत्य-नाटिका और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन भी होगा। जिला प्रशासन और महाबोधि सोसायटी ऑफ श्रीलंका के सहयोग से हो रहे इस महोत्सव में बौद्ध दर्शन, कला, संगीत, नृत्य और साहित्य का संगम दिखेगा। श्रीलंका और जापान के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

मुख्यमंत्री को न्योता

महोत्सव में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को आमंत्रित किया गया है। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष और सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने महाबोधि सोसायटी ऑफ श्रीलंका के अध्यक्ष वानगल उपतिस्स नायक थेरो और अन्य प्रतिनिधियों के साथ वल्लभ भवन में मुख्यमंत्री से भेंट कर आमंत्रण पत्र सौंपा है।

275 जवान तैनात, पांच पार्किंग स्थल

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक ने बताया कि महोत्सव में सुरक्षा और यातायात के लिए 275 जवान तैनात रहेंगे। सांची में पांच और आसपास पांच पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। विदिशा से आने वाले वाहन विदिशा रोड पर खड़े होंगे, जबकि भोपाल और रायसेन से आने वाले वाहनों के लिए जम्मू दीप पार्क के पास मैदान में पार्किंग है। एसडीएम मनीष शर्मा के अनुसार अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और अस्पताल में अलग से बेड भी रखे गए हैं।

सांची: 2300 साल पुरानी विरासत

उल्लेखनीय है कि महाबोधि सोसायटी के चीफ नायक थेरो के अनुसार 30 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने पवित्र अस्थि कलश सांची में स्थापित कराए थे। उन्होंने हर साल दो दिन श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए कलश बाहर निकालने की परंपरा शुरू करने की बात कही थी। तभी से नवंबर में महाबोधि महोत्सव होता है। शुरुआत में सुविधाएं कम थीं और आयोजन छोटे स्तर पर होता था, समय के साथ इसका स्वरूप विस्तृत होता गया।

रायसेन जिले में बेतवा नदी किनारे बना सांची स्तूप राजधानी भोपाल से 46 किलोमीटर और विदिशा से 10 किलोमीटर दूर है। तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व में मौर्य सम्राट अशोक ने कलिंग युद्ध के बाद यहां स्तूप बनवाया था। मूल स्तूप करीब 2300 साल पुराने हैं। मुख्य स्तूप की ऊंचाई करीब 21.64 मीटर और व्यास 36.5 मीटर है। इसके चारों दिशाओं के तोरण द्वारों पर बुद्ध के जीवन से परिनिर्वाण तक की कथाएं उकेरी गई हैं। संरचना और शिल्पकला के कारण 1989 में इसे यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया। रखरखाव की जिम्मेदारी भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के पास है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…