सोनीपत: संत रविदास के समानता और भाईचारे के संदेश के साथ गन्नौर पहुंची समरसता यात्रा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक के नेतृत्व में हुआ अभिनंदन
- जालंधर से काशी तक 2402 किलोमीटर की यात्रा
- संत रविदास धाम के निर्माण को बताया आध्यात्मिक विरासत का
सम्मान
सोनीपत, 26 नवंबर (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के
उपलक्ष्य में जालंधर से वाराणसी तक निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा का गुरुवार
को गन्नौर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक के नेतृत्व
में आयोजित स्वागत समारोह में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।
भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक ने कहा कि संत रविदास जी ने अपनी
अमृतवाणी से पूरी दुनिया को प्रेम, करुणा और समानता का रास्ता दिखाया। उनका बेगमपुरा
का सपना ऐसे समाज की कल्पना है, जहां किसी के साथ भेदभाव न हो और हर व्यक्ति सम्मान
के साथ जीवन जी सके। पूर्व मंत्री कविता जैन ने कहा कि संत रविदास जी की वाणी समाज
को सद्भाव, सेवा और परस्पर सम्मान की सीख देती है। उनकी शिक्षाएं आने वाली पीढ़ियों
के लिए अमूल्य धरोहर हैं।
पूर्व मंत्री जगदीश नैय्यर ने कहा कि गुरु रविदास जी ने भक्ति
को मानव कल्याण से जोड़कर समाज को नई दिशा दी। पूर्व विधायक निर्मल चौधरी ने कहा कि
संत रविदास जी का जीवन मानव सेवा को सच्ची भक्ति मानने की प्रेरणा देता है। जिला प्रभारी
एडवोकेट राजबाला ने कहा कि उनकी शिक्षाएं समाज को प्रेम और समानता के सूत्र में बांधती
हैं। जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने कहा कि संत रविदास जी की वाणी सामाजिक एकता और
आध्यात्मिक चेतना का संदेश देती है। भाजपा नेता प्रदीप सांगवान ने कहा कि यह यात्रा
उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री नीरज
कुमार ठरू ने किया।
18 नवंबर को पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से शुरू
हुई यह यात्रा करीब 2402 किलोमीटर की दूरी तय करके वाराणसी में संत रविदास जी की जन्मस्थली
सीर गोवर्धनपुर पहुंचेगी। यात्रा देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों
के करीब 47 शहरों से होकर गुजरेगी। इसका समापन तीन दिसंबर को होगा। 28 नवंबर तक यात्रा
हरियाणा में रहेगी।
कार्यक्रम में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को
भी श्रद्धांजलि दी गई। उनके सामाजिक न्याय, समानता और बंधुत्व के विचारों को याद करते
हुए समाज कल्याण के मार्ग पर चलने का आह्वान किया गया। पूर्व मंत्री कविता जैन, प्रदीप
सांगवान भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना