आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस आज दे रही संविधान की दुहाई : सुरेश भारद्वाज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
शिमला, 26 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस आज संविधान की दुहाई दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को संविधान पर बात करने से पहले अपने शासनकाल का इतिहास भी याद करना चाहिए। संविधान का सम्मान केवल हाथ में इसकी पुस्तक लेकर घूमने से नहीं होता, इसके लिए संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना जरूरी है।
भारतीय जनता पार्टी के विधि प्रकोष्ठ की ओर से गुरुवार को शिमला में संविधान गौरव दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित सुरेश भारद्वाज ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लागू किया था। इस दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन हुआ, विपक्षी नेताओं को जेलों में बंद किया गया और प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता बचाने के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं का दुरुपयोग किया।
भारद्वाज ने 1976 में हुए 42वें संविधान संशोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि आपातकाल के दौरान संविधान की प्रस्तावना में भी बदलाव किए गए। इसमें समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और अखंडता शब्द जोड़े गए। उन्होंने राहुल गांधी के संविधान की लाल किताब लेकर देशभर में जाने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें अपनी पार्टी के संवैधानिक इतिहास का भी अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना देश की आत्मा है और इसका सम्मान लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति आचरण से दिखाई देना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश विधि प्रकोष्ठ के सह संयोजक अजय वैद्य ने की। उन्होंने संविधान निर्माण की जानकारी देते हुए बताया कि संविधान सभा ने लगभग तीन वर्षों में संविधान तैयार किया। डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता वाली प्रारूप समिति की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका रही। संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकार किया गया और 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। उन्होंने संविधान को भारतीय लोकतंत्र की आत्मा और राष्ट्रीय एकता का आधार बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा