सोनपुर मेले के पशु बाजार में अब तक 825 घोड़ों की हुई बिक्री, 3.70 लाख तक पहुंची कीमत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सारण, 28 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में पशु-पक्षियों की खरीद-बिक्री पूरे चरम पर है। पशुपालन विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार मेले में विभिन्न प्रजातियों के पशुओं की अच्छी आवक हुई है, लेकिन खरीदारों में घोड़ों को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार मेले में अब तक कुल 1,952 घोड़े पहुंचे हैं, जिनमें से 825 घोड़ों की बिक्री हो चुकी है। अकेले 27 नवंबर को ही 235 घोड़े बिके।
बाजार में घोड़ों की अधिकतम कीमत 3 लाख 70 हजार रुपये और न्यूनतम 42 हजार रुपये दर्ज की गई है। वहीं, बकरी एवं भेड़ श्रेणी में आए 312 पशुओं में से 305 की बिक्री हो चुकी है। श्वान (कुत्ता) बाजार में पहुंचे 172 श्वानों में से 14 की बिक्री हुई है, जिनकी कीमत 3,500 से 12 हजार रुपये तक रही। इसके अलावा मेले में फ्रिजियन, गिर व साहीवाल नस्ल की 15 गायें, बछौर देसी नस्ल के 2 बैल और 5 भैंसें भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
मेले में पशुओं के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर पशुपालन विभाग तत्पर है। विभाग द्वारा अब तक 81 पशुओं का सामान्य उपचार किया गया है, जबकि मेला स्थित पशु चिकित्सा शिविर के माध्यम से 249 पशुओं को चिकित्सा सुविधा दी गई है। इस प्रकार कुल 330 पशुओं का इलाज किया जा चुका है, ताकि पशुपालकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार