24वीं बिहार राज्य सब-जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप में सारण बना चैंपियन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सारण, 27 नवंबर (हि.स.)। जिला कबड्डी संघ के तत्वावधान में आयोजित 24वीं बिहार राज्य सब-जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन सेंट्रल पब्लिक स्कूल के प्रांगण में किया गया। प्रतियोगिता में सारण, सिवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर और वैशाली जिले की टीमों ने भाग लिया, जहां खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन अखिल भारतीय कबड्डी महासंघ के महासचिव रमाकांत सिंह सोलंकी, सेवानिवृत्त पीटीआई डॉ सुरेश प्रसाद सिंह, सारण जिला कबड्डी संघ के उपाध्यक्ष डॉ विकास सिंह, सचिव पंकज कश्यप, संरक्षक सभापति बैठा, संयुक्त सचिव राकेश सिंह एवं कोषाध्यक्ष कुमार कौशलेंद्र ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
फाइनल प्रतियोगिता सारण और मुजफ्फरपुर के बीच खेला गया। कड़े संघर्ष में सारण की टीम ने 41 अंक जुटाए, जबकि मुजफ्फरपुर की टीम 37 अंक ही बना सकी। सारण ने 4 अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया और मुजफ्फरपुर उपविजेता रहा।
निर्णायक मंडल में प्रमोद कुमार, शिवशंकर कुमार, दीपू कुमार, रितिक भारती, अंजली कुमारी एवं नेहा कुमारी शामिल रहे। कोच रोहित व हिमांशु कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। संघ ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार जताते हुए भविष्य में प्रतिभाओं को निखारने की प्रतिबद्धता दोहराई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार