सोनपुर मेला में कल कला-संस्कृति व श्रम विभाग के सौजन्य से होंगे रंगारंग कार्यक्रम

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सारण, 25 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के मनोरंजन तथा बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रतिदिन विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार 26 नवंबर को मेला परिसर स्थित मुख्य सांस्कृतिक मंच पर कला एवं संस्कृति विभाग तथा श्रम विभाग के संयुक्त सहयोग से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक श्रम विभाग के सहयोग से स्थानीय व चयनित कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इसके पश्चात संध्याकालीन सत्र में शाम 6:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक कला एवं संस्कृति विभाग के सौजन्य से विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसमें गायिका नंदिनी मिश्रा अपने गायन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी, वहीं सी.पी.एस. स्कूल के छात्र-छात्राएं आकर्षक लोकनृत्य की छटा बिखेरेंगे।
जिला प्रशासन का उद्देश्य इन आयोजनों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना और बिहार की लोककला को व्यापक पहचान दिलाना है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम नागरिकों से सपरिवार पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार