कार्तिक पूर्णिमा पर गोदना सेमरिया मेले की तैयारी तेज, सभी घाटों पर सुरक्षा व प्रकाश के पुख्ता इंतजाम

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सारण, 20 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रिविलगंज प्रखंड स्थित सरयू नदी के तट पर आयोजित होने वाले गोदना सेमरिया मेले की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। मेले के दौरान नाथ बाबा घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए भी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर नगर पंचायत रिविलगंज को इस मेले का नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
मेले के आयोजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जिले के दोनों सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। श्रद्धालुओं के मनोरंजन और क्षेत्र की सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेला परिसर में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी नीतेश कुमार ने बताया कि नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को मेला क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी, चेंजिंग रूम, नियमित साफ-सफाई और मजबूत बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। रिविलगंज क्षेत्र के छोटे-बड़े सभी घाटों पर बैरिकेडिंग एवं प्रकाश की व्यवस्था कराई जा रही है ताकि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए घाटों के साथ-साथ प्रमुख चौक-चौराहों पर भी दंडाधिकारियों और अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से त्वरित निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों को मुस्तैद किया गया है।
इसी क्रम में आज अनुमंडल पदाधिकारी नीतेश कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारियों ने मेला स्थल का भौतिक निरीक्षण कर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार