Live VNS

सारण में संकल्प संध्या का हुआ शुभारंभ, आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए निःशुल्क रेमेडियल क्लासेज शुरू

सारण में संकल्प संध्या का हुआ शुभारंभ, आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए निःशुल्क रेमेडियल क्लासेज शुरू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सारण, 17 नवंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के लिए एक विशेष पहल संकल्प संध्या यानी इवनिंग रेमेडियल क्लासेज का आज विधिवत शुभारंभ हो गया है। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इसकी शुरुआत छपरा के जिला स्कूल में जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई।

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत यह कक्षाएं 17 नवंबर से 31 मार्च 2027 तक प्रतिदिन शाम 5:00 बजे से 7:30 बजे तक संचालित होंगी। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं इस पूर्णतः निःशुल्क व्यवस्था का लाभ उठा सकेंगे। इसमें गणित, विज्ञान, अंग्रेजी के साथ-साथ कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक विषयों की शिक्षा दी जाएगी।

विद्यार्थियों को होमवर्क में मदद के साथ आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए विशेष तैयारी कराई जाएगी। पठन-पाठन को प्रभावी बनाने के लिए स्मार्ट बोर्ड और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग किया जा रहा है। इन कक्षाओं में सरकारी शिक्षकों के अलावा सेवानिवृत्त आईएएस और अन्य अनुभवी अधिकारी स्वैच्छिक रूप से मार्गदर्शन करेंगे। सारण के डीईओ ने कहा कि इसका उद्देश्य मेधावी छात्रों को मुख्यधारा की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…