सोनपुर मेले में पुस्तक मेला के लिए नि:शुल्क मिलेंगे स्टॉल
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सारण, 14 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा 17 से 23 दिसंबर 2026 तक पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पाठकों एवं प्रकाशकों के बीच सीधा संवाद, पठन-पाठन की अभिरुचि को प्रोत्साहित करना तथा संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना है।
सोनपुर मेला देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में पुस्तक मेले के माध्यम से साहित्य और ज्ञान की संस्कृति को व्यापक मंच प्रदान किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने सभी प्रतिष्ठित पुस्तक प्रकाशकों, साहित्यकारों व विक्रेताओं से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
खास बात यह है कि स्टॉल आवंटन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इच्छुक प्रकाशक अपनी सहभागिता की सहमति 25 नवंबर 2026 तक दे सकते हैं। वे अपना नाम, पता, संपर्क नंबर व ई-मेल आईडी dpmlesaran.17@gov.in पर या संबंधित अधिकारियों के व्हाट्सएप पर भेज सकते हैं।
विस्तृत जानकारी के लिए उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल मोबाइल 9934712122 व निदेशक, राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम सुमिता कुमारी मोबाइल 7979934759 से संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों, युवाओं व पुस्तक प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार