सोनपुर मेले में खाद्य कारोबारियों को दिया गया प्रशिक्षण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सारण, 26 नवंबर (हि.स.)। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज खाद्य कारोबारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम खाद्य सुरक्षा आयुक्त सह स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव एवं सिविल सर्जन के निर्देश पर सिविल सर्जन कार्यालय स्थित सोनपुर मेला शिविर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मेला क्षेत्र में संचालित सभी स्टॉल, खाद्य विक्रेताओं, वेंडरों तथा होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन के तहत प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव, उनके प्रसंस्करण, भोजन तैयार करने की सही प्रक्रिया और खाद्य स्वच्छता के मानकों की जानकारी दी गई।
मेसर्स एक निजी कंपनी के ओर से भेजे गए प्रशिक्षक डॉ आरके सिंह एवं राजन ने कारोबारियों को विभिन्न तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया। इस अवसर पर सारण प्रमंडल के अभिहित अधिकारी नारायण राम और खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षकों ने बताया कि भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए साफ-सफाई, स्वच्छ जल के उपयोग, खाद्य सामग्री के उचित भंडारण, कर्मियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और खाद्य पदार्थों को दूषित होने से बचाना आवश्यक है। सामग्री तैयार करने से लेकर ग्राहकों को परोसने तक तय स्वच्छता मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मोटापा, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। इसके लिए स्टैंडी बैनर लगाए गए और स्वस्थ खानपान व जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई। अंत में कारोबारियों को स्वच्छ वातावरण में सुरक्षित भोजन परोसने की शपथ दिलाई गई तथा अधिकारियों ने नियमों का गंभीरता से पालन करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार