छपरा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस बैच का व्हाइट कोट समारोह आयोजित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सारण, 19 नवंबर (हि.स.)। राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, छपरा में आज शैक्षणिक सत्र 2026 के एमबीबीएस विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन, शपथ एवं व्हाइट कोट समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, स्वास्थ्य विभाग के सचिव, महाविद्यालय के प्राचार्य तथा अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नव नामांकित विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के महत्व, चिकित्सकीय जिम्मेदारियों और मानव सेवा के प्रति उनके दायित्वों से अवगत कराया गया।विद्यार्थियों ने चिकित्सा पेशे के नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सेवा भावना के प्रति पूरी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, छपरा में एमबीबीएस की 50 सीटों के संचालन की मान्यता मिलना इस क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान की बात है, जिससे चिकित्सा सेवाओं व अवसरों का विस्तार होगा।
उन्होंने कठिन परिश्रम से यहां पहुंचे विद्यार्थियों को बधाई दी और संवेदनशीलता व मानव सेवा के संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया। मंत्री ने बताया कि प्राचार्य और अधीक्षक द्वारा बताई गई कमियों को चरणबद्ध तरीके से दूर किया जाएगा। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से आधुनिक तकनीक और मेडिकल रिसर्च के साथ कदम मिलाकर निरंतर ज्ञान विकसित करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार