Live VNS

सतनाः डामर प्लांट में भीषण आग, तैयार सामग्री के साथ हाईवा सहित मशीनरी जली

सतनाः डामर प्लांट में भीषण आग, तैयार सामग्री के साथ हाईवा सहित मशीनरी जली

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सतना, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में मझगवां थाना क्षेत्र के चौरेही गांव के समीप चितहरा-बिरसिंहपुर मार्ग पर संचालित डामर प्लांट में बुधवार सुबह अचानक लगी आग ने भारी तबाही मचा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि प्लांट में तैयार रखा डामर मटेरियल, निर्माण मशीनरी और परिसर में खड़ा एक हाइवा वाहन इसकी चपेट में आ गया।

देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे परिसर को अपनी गिरफ्त में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, कृष्णा इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी द्वारा संचालित इस प्लांट में सुबह सामान्य कामकाज के दौरान अचानक आग भड़क उठी। शुरुआती दौर में आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए, लेकिन डामर निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मझगवां थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके से पहुंची।

राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि तैयार डामर सामग्री, मशीनरी और हाइवा के जलने से भारी आर्थिक नुकसान की आशंका है। आग शॉर्ट सर्किट, मशीनरी में तकनीकी खराबी अथवा किसी अन्य कारण से लगी, इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा। पुलिस और संबंधित विभागों की जांच में आग लगने के कारणों के साथ प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और नुकसान का वास्तविक आकलन भी सामने आना चाहिए। हालांकि शुरुआती समय में दमकल वाहन उपलब्ध नहीं होने से आग बुझाने के प्रयास प्रभावित हुए। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश शुरू की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…