Live VNS

सतना के भाई-बहन की जोड़ी अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में करेगी देश का प्रतिनिधित्व

सतना के भाई-बहन की जोड़ी अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में करेगी देश का प्रतिनिधित्व

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सतना, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना की गोल्डन गर्ल के नाम से पहचान बना चुकी अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी अस्मि भारती और उनके भाई राष्ट्रीय खिलाड़ी अध्ययन भारती का चयन अंतरराष्ट्रीय ओपन ताइक्वांडो जी-1 चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ है। प्रतियोगिता का आयोजन 20 से 26 नवंबर तक पुणे के शिवाजी छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा। दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अस्मि और अध्ययन के पिता एवं कोच डॉ. संदीप भारती ने मंगलवार को बताया कि भारत में पहली बार इस रैंकिंग आधारित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है। यह देश के लिए गौरव का विषय है। इसके आयोजन से भारतीय खिलाड़ियों को विदेश जाकर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने पर होने वाले भारी खर्च से भी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स के प्रशिक्षण शिविर में सीधे प्रवेश मिलेगा।

प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की 20 सदस्यीय टीम मार्शल आर्ट एकेडमी, युवा कल्याण एवं खेल विभाग भोपाल के प्रवेश कोच जगजीत सिंह मांड के नेतृत्व में हिस्सा लेगी। अस्मि वर्तमान में जगजीत सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। अस्मि सीनियर वर्ग के 57 किलोग्राम से कम भारवर्ग में, जबकि अध्ययन जूनियर वर्ग के 51 किलोग्राम से कम भारवर्ग में चुनौती पेश करेंगे। दोनों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल करने के आधार पर किया गया है।

अस्मि का इससे पहले यूथ गेम्स बहरीन, ताशकंद (उज्बेकिस्तान) में आयोजित विश्व चैंपियनशिप और अब जी-1 ओपन चैंपियनशिप के लिए चयन हो चुका है। वहीं, अध्ययन पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस प्रतियोगिता में भारत सहित इराक, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, नेपाल, अमेरिका, ओमान, फ्रांस, लक्जमबर्ग और संयुक्त अरब अमीरात समेत 24 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

भाई-बहन की इस उपलब्धि पर जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष रविशंकर गौरी, डॉ. ए.के. अवधिया, अमित सोनी, पुष्पराज सिंह गुन्ना, एडवोकेट विनय श्रीवास्तव, अमित अवस्थी, रत्नेश यादव रेशु, ऋचा भारती, आदित्य सिंह बघेल, आशुतोष पयासी, विजय सिंह, कोच अनुज दहायत, राकेश कुमार, रजनीश द्विवेदी, कान्हा सिंह बघेल सहित संघ के पदाधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह जानकारी जिला ताइक्वांडो संघ के मीडिया प्रभारी मृदुल पांडे ने दी।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…