Live VNS

राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट चैंपियनशिप में चमकेगा विंध्य, सतना के तीन खिलाड़ियों का मध्यप्रदेश टीम में चयन

राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट चैंपियनशिप में चमकेगा विंध्य, सतना के तीन खिलाड़ियों का मध्यप्रदेश टीम में चयन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सतना, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खेल जगत में सतना सहित पूरे विंध्य क्षेत्र के लिए गौरव की उपलब्धि सामने आई है। गुजरात के सूरत में 27 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाली प्रथम राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट चैंपियनशिप-2026 के लिए घोषित मध्यप्रदेश की 15 सदस्यीय टीम में सतना जिले के तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में दिनेश रामदीन, मिथिलेश सिंह और संजय साकेत शामिल हैं। वहीं, सतना के अंकित शर्मा को मध्यप्रदेश टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया है।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में तीन खिलाड़ियों के चयन और जिले के ही कोच को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से खेलप्रेमियों में उत्साह है। प्रतियोगिता का आयोजन सूरत के वीएनएसजी यूनिवर्सिटी क्रिकेट ग्राउंड पर होगा। पारा स्पोर्ट्स एसोसिएशन सूरत और द सोसाइटी फॉर फिजिकली हैंडीकैप्ड सूरत के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली इस प्रतियोगिता में गुजरात पीडी, मध्यप्रदेश पीडी, महाराष्ट्र पीडी और प्रेसिडेंट इलेवन की टीमें हिस्सा लेंगी।

माखन सिंह राजपूत संभालेंगे टीम की कमान

मध्यप्रदेश की 15 सदस्यीय टीम का कप्तान माखन सिंह राजपूत को बनाया गया है, जबकि मुकम्मिल उपकप्तान होंगे। टीम में श्याम चकवा, दिनेश रामदीन, निखिल मेवाड़ा, लोकेन्द्र आर्य, लक्की कराडिया, आरके यादव, संजय साकेत, मानसिंह परमार, अमन अंजना, मिथिलेश सिंह, वेदांत गुप्ता, अनिल गुर्जर और विपिन शर्मा को शामिल किया गया है। अर्जुन अहिरवार और रामबरन यादव को स्टैंडबाय खिलाड़ी के रूप में रखा गया है।

सतना के अंकित शर्मा को हेड कोच की जिम्मेदारी

प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी सतना के अंकित शर्मा को सौंपी गई है, जबकि अंकित गुप्ता टीम मैनेजर होंगे। पूरी टीम बुधवार को सूरत के लिए रवाना हो गई। अंकित शर्मा लंबे समय से दिव्यांग क्रिकेट के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे मध्यप्रदेश में इस खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

सतना के तीन खिलाड़ियों का प्रदेश की टीम में चयन और जिले के अंकित शर्मा को हेड कोच की जिम्मेदारी मिलना न केवल जिले, बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इस उपलब्धि पर जिले के वरिष्ठ क्रिकेटरों, खेलप्रेमियों और शुभचिंतकों ने खिलाड़ियों सहित पूरी टीम को बधाई दी है। जिलेवासियों को उम्मीद है कि सतना के खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश के साथ विंध्य का नाम रोशन करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…