Live VNS

असम व हरियाणा के अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम करेंगे आपस में सहयोग

असम व हरियाणा के अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम करेंगे आपस में सहयोग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-असम के प्रतिनिधिमंडल ने किया हरियाणा मुख्यालय का दौरा

चंडीगढ़, 17 नवंबर (हि.स.)। असम राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लिमिटेड के उपाध्यक्ष सिमंता दास एवं निदेशक मंडल के सदस्यों ने मंगलवार को हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के मुख्यालय का दौरा किया। इस अवसर पर हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष बलदेव सिंह ग्रोहा, प्रबंध निदेशक डॉ.वंदना दिसोदिया तथा निगम के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस दौरान दोनों निगमों के प्रतिनिधियों के बीच अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र लाभार्थियों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के उद्देश्य से संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं के संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में स्वरोजगार, उद्यमिता विकास तथा नए व्यवसाय स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने के विभिन्न उपायों पर भी चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त, ऋण वितरण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने, योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा वितरित ऋणों की समयबद्ध एवं प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के लिए अपनाई जा सकने वाली रणनीतियों पर भी दोनों पक्षों ने अपने अनुभव साझा किए।

दोनों निगमों के प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे की योजनाओं, कार्यप्रणाली एवं सफल प्रयासों से सीख लेते हुए अनुसूचित जाति वर्ग के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में आपसी सहयोग एवं समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…