छठ पर्व पर कैंट स्टेशन की सुरक्षा चाक-चौबंद, चप्पे-चप्पे पर नजर, बिहार-झारखंड और बंगाल जाने वाली ट्रेनों की विशेष निगरानी

वाराणसी। छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा के मद्देनजर वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जीआरपी और आरपीएफ की टीमें अलर्ट मोड में हैं। स्टेशन परिसर में चप्पे-चप्पे पर निगरानी के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। खासतौर पर बिहार, झारखंड और बंगाल की ओर जाने वाली ट्रेनों में सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है।
जीआरपी कैंट के प्रभारी निरीक्षक राजोल नागर के नेतृत्व में सुरक्षा कर्मियों ने स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और आने-जाने वाली ट्रेनों में जांच की। इसके अलावा अमानती घर, पार्सल कार्यालय, डाक सेवा केंद्र और पार्किंग स्टैंडों की भी बारीकी से तलाशी ली जा रही है। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष नजर रखी जा रही है। सुरक्षा कर्मी लगातार स्टेशन परिसर में गश्त कर रहे हैं।
छठ पर्व पर पूर्वांचल और बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए भीड़ प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने और ट्रेनों में सुरक्षित बैठाने के लिए जीआरपी और आरपीएफ की टीमें मुस्तैद हैं। स्टेशन पर प्रवेश और निकास के दौरान भी निगरानी बढ़ाई गई है।
प्रभारी निरीक्षक ने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तुएं स्वीकार न करें। अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा कर्मियों को दें। उन्होंने बताया कि छठ पर्व को देखते हुए सुरक्षा अभियान लगातार जारी रहेगा। यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
तस्वीरें...