Live VNS

हिसार : एचएयू में विकसित हरे मटर का बीज अब देशभर में मिलेगा

हिसार : एचएयू में विकसित हरे मटर का बीज अब देशभर में मिलेगा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हकृवि की दाना मटर की दो उन्नत किस्मों के उत्पादन और बिक्री के लिए निजी कंपनी

से करार

एचएफपी-1709 की राष्ट्रीय बीज मांग में रही पहली रैंक

हिसार, 11 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (हकृवि) की ओर से विकसित

दाना मटर की दो उन्नत किस्मों एचएफपी-1426 और एचएफपी-1709 के बीज अब निजी कंपनी के

माध्यम से किसानों को उपलब्ध करवाए जाएंगे। इनके उत्पादन और बिक्री के लिए गुवाहाटी

(असम) की मैजेस्टिक इम्पेक्स कंपनी ने विश्वविद्यालय के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

किए हैं। इससे इन किस्मों के बीजों का उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों तक इनकी पहुंच

आसान होगी।

कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने बुधवार काे बताया कि विश्वविद्यालय की उन्नत किस्मों के बीजों

की मांग देशभर में बढ़ रही है। किसानों की उत्पादकता और आय में वृद्धि के साथ देश में

खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से निजी कंपनियों के साथ समझौते किए जा रहे हैं।

समझौता ज्ञापन पर कंपनी के एग्जीक्यूटिव मेंबर नीरज अग्रवाल और विश्वविद्यालय के अनुसंधान

निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग ने हस्ताक्षर किए।

112 से 122 दिन में तैयार होंगी दोनों किस्में

अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग ने बताया कि एचएफपी-1426 अधिक उपज देने वाली,

रोग प्रतिरोधी और शीघ्र पकने वाली किस्म है। यह 120 से 122 दिनों में पककर तैयार हो

जाती है। पौधों की ऊंचाई लगभग 62 सेंटीमीटर होने के कारण फसल गिरने की आशंका कम रहती

है। इसकी फलियां भी चटकती नहीं हैं। इसकी औसत उपज 17 से 18 क्विंटल प्रति हेक्टेयर

है, जबकि अनुकूल परिस्थितियों में 28 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक उत्पादन लिया जा सकता

है।

वहीं, एचएफपी-1709 ने विमोचन के पहले वर्ष में ही किसानों के बीच लोकप्रियता

हासिल की है। मानव संसाधन प्रबंधन निदेशक डॉ. नरेश कौशिक ने बताया कि रबी 2026-27 के

लिए राष्ट्रीय डीएसी-बीएसपी बीज मांग-पत्र में इस किस्म की 133.88 क्विंटल मांग दर्ज

की गई, जो देश में सर्वाधिक रही। यह किस्म 112 से 115 दिनों में पककर तैयार हो जाती

है। इसके पौधों की ऊंचाई 53 से 63 सेंटीमीटर होने के कारण फसल गिरने का खतरा कम रहता

है। यह भी रोग प्रतिरोधी और फलियों के चटकने के प्रति प्रतिरोधी है। इसकी औसत उपज

17 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तथा अधिकतम संभावित उपज 30 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है।

दोनों किस्में उत्तर-पूर्वी मैदानी क्षेत्र में रबी मौसम के दौरान सामान्य

समय पर बुवाई और सिंचित परिस्थितियों में खेती के लिए उपयुक्त हैं। इस अवसर पर ओएसडी

डॉ. अतुल ढींगड़ा, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. रमेश गोयल, डॉ. एसके पाहुजा,

डॉ. एसके तेहलान, मीडिया एडवाइजर डॉ. संदीप आर्य, डॉ. विरेन्द्र मोर, डॉ. योगेश जिंदल,

डॉ. अनुराग और डॉ. पवन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…