Live VNS

राजगढ़ में होटल पर रखे बैग से 1.80 लाख का सोने का हार चोरी, आरोपी गिरफ्तार

राजगढ़ में होटल पर रखे बैग से 1.80 लाख का सोने का हार चोरी, आरोपी गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

राजगढ़, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कोतवाली थाना पुलिस ने चाय-नाश्ते की होटल पर रखे बैग से सोने का हार चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़ा और उसके कब्जे से करीब 1 लाख 80 हजार रुपये कीमत का चोरी गया सोने का हार बरामद कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने बुधवार को बताया कि 9 नवंबर को तिलक मार्ग निवासी गोवर्धन (42), पिता मांगीलाल दांगी ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दीपावली की शाम वह परिवार के साथ नाका नंबर-3 स्थित अपनी दूध डेयरी पर पूजा करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कपड़े, पटाखे और सोने का हार (तमणिया) एक बैग में रखकर पड़ोस की चाय-नाश्ते की होटल पर रख दिया था।

पूजा के बाद जब वे बैग लेकर घर पहुंचे और उसकी जांच की तो सोने का हार गायब मिला। हार की कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे और एसडीओपी भावना दांगी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रामबाबू (21), पिता बालू गुर्जर, निवासी ग्राम रुघनाथगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी गया करीब 1 लाख 80 हजार रुपये कीमत का सोने का हार बरामद किया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी मंजू मखेनिया, एएसआई मन्नूलाल अहिरवार, आरक्षक शक्तिसिंह लोधा, साहबसिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…