Live VNS

विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने में अहम भूमिका निभा रहा सांस्कृतिक महोत्सव : राजेंद्र शर्मा

विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने में अहम भूमिका निभा रहा सांस्कृतिक महोत्सव : राजेंद्र शर्मा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नूंह, 13 नवंबर (हि.स.)। जिला शिक्षा विभाग की ओर से सामुदायिक केंद्र एवं बाल भवन नूंह में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव-2026 का शुक्रवार काे समापन हो गया। हरियाणवी विरासत, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों की थीम पर आयोजित महोत्सव में जिले के विभिन्न विद्यालयों के 1000 से अधिक विद्यार्थियों ने स्किट, रागिनी, एकल नृत्य और समूह नृत्य प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक महोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के साथ लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में अहम भूमिका निभाते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और रचनात्मकता बढ़ाते हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा और लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रयासरत है। हरियाणवी लोकगीत, रागिनी और लोकनृत्य हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं। इनके माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया जा सकता है।

खंड शिक्षा अधिकारी मनवीर सिंह ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। स्किट में जौरासी, रागिनी में भाकड़ौजी, एकल नृत्य में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह और समूह नृत्य में राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह ने प्रथम स्थान हासिल किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…