संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित हुई ‘आत्मविश्वास विकास’ कार्यशाला

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
विद्यार्थियों को बताए गए व्यक्तित्व निखार के तौर-तरीके
मथुरा, 12 नवम्बर (हि.स.)। संस्कृति विश्वविद्यालय के ओराटर्स क्लब द्वारा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला विश्वविद्यालय के डीन, स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. डी.एस. तोमर के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन में संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यशाला का संचालन ओराटर्स क्लब की फैकल्टी मेंटर एवं स्कूल ऑफ टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर श्रीमती शुभांगी सक्सेना ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को आत्मविश्वास के महत्व, प्रभावी संवाद कौशल (इफेक्टिव कम्युनिकेशन स्किल्स), आत्मविश्वास के विभिन्न स्तरों, झिझक दूर करने और स्वयं पर विश्वास रखने के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराया। इस दौरान आइस-ब्रेकिंग गतिविधियों, संवादात्मक अभ्यासों और आत्म-मूल्यांकन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी छिपी हुई क्षमताओं को पहचानने और उन्हें विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान धारा शर्मा, यथार्ध शर्मा, राहुल गौतम, संस्कृति और साक्षी सिंह ने अपने विचार व्यक्त किए। इस आयोजन को सफल बनाने में ओराटर्स क्लब के संयुक्त सचिव शिवांग पटेल और मीडिया कोऑर्डिनेटर आर्या का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर स्टूडेंट काउंसिल के अध्यक्ष अभिषेक एवं सागरिका की उपस्थिति ने भी विद्यार्थियों का भरपूर उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में शुभांगी सक्सेना ने डॉ. डी.एस. तोमर के निरंतर सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन, स्टूडेंट काउंसिल और ओराटर्स क्लब के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास केवल मंच पर बोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वयं पर अटूट विश्वास रखने, अपने विचारों को स्पष्टता से व्यक्त करने और निरंतर खुद को बेहतर बनाने की एक निरंतर प्रक्रिया है। इस पूरी कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सकारात्मक सोच और प्रभावशाली अभिव्यक्ति की क्षमता को विकसित करना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार