Live VNS

जयपुर के छात्रों ने बनाया खुद रास्ता खोजने वाला रोबोट

जयपुर के छात्रों ने बनाया खुद रास्ता खोजने वाला रोबोट

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। जयपुर के धारव हाई स्कूल अजमेर रोड के विद्यार्थियों ने तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विद्यार्थियों की टीम ने आधुनिक सेंसर और रोबोटिक्स तकनीक की मदद से ऐसा स्मार्ट रोबोट तैयार किया है, जो अनजान भूलभुलैया में भी खुद रास्ता खोजकर अपनी मंजिल तक पहुंच सकता है। विद्यार्थियों के इस आविष्कार को पेटेंट मिला है। वहीं, भारत सरकार की ओर से टीम को एक लाख रुपए का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया है।

इस रोबोट की खासियत यह है कि इसे पहले से रास्ते की जानकारी देने की जरूरत नहीं होती। यह अपने आसपास की परिस्थितियों को समझते हुए दीवारों और अन्य बाधाओं की पहचान करता है तथा उपलब्ध रास्तों का विश्लेषण कर सही दिशा का चुनाव करता है। आमतौर पर रोबोट दीवारों के सहारे रास्ता तलाशते हैं, लेकिन विद्यार्थियों का बनाया रोबोट आधुनिक तकनीक के जरिए रास्ते की मैपिंग कर मंजिल तक पहुंचने का बेहतर मार्ग खुद तय करता है।

रोबोट में तीन प्रमुख तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। अल्ट्रासोनिक सेंसर दीवारों और अन्य बाधाओं की दूरी का पता लगाते हैं। एनकोडर फीडबैक इसकी गति और तय की गई दूरी को नियंत्रित करता है, जबकि जाइरोस्कोपिक सेंसर संतुलन बनाए रखने और सही दिशा में मुड़ने में मदद करता है।

इसके अलावा रोबोट में वीएसडी स्क्वाड्रन एफपीजीए मिनी प्रोसेसिंग यूनिट लगाई गई है, जो सेंसर से प्राप्त जानकारी का तत्काल विश्लेषण कर मोटर और रोबोट की दिशा को नियंत्रित करती है। इससे रोबोट रास्ते में आने वाली चुनौतियों के अनुसार तेजी से निर्णय ले सकता है।

इसमें विशेष मैपिंग सिस्टम भी विकसित किया गया है, जो आसपास के रास्तों और संभावित विकल्पों की पहचान करता है। अलग-अलग सेंसर से मिलने वाली जानकारियों के आधार पर रोबोट रास्ते का आकलन करता है और मंजिल तक पहुंचने के लिए उपयुक्त मार्ग चुनता है। इससे मुश्किल रास्तों पर भी बेहतर नियंत्रण और सटीकता के साथ आगे बढ़ना संभव होता है।

धारव हाई स्कूल की प्रिंसिपल निशी धनजल ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासा और तकनीकी ज्ञान को उपयोगी आविष्कार में बदलकर अपनी प्रतिभा साबित की है। भारत सरकार से मिला एक लाख रुपए का पुरस्कार और आविष्कार को मिला पेटेंट स्कूल के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में शुरुआत से ही वैज्ञानिक सोच, प्रयोग करने और व्यावहारिक रूप से सीखने की आदत विकसित करना जरूरी है। स्कूल में बच्चों को नई तकनीकों को समझने, प्रयोग करने और रचनात्मक तरीके से समस्याओं का समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

यह प्रोजेक्ट रोबोटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, प्रोग्रामिंग और इंजीनियरिंग के व्यावहारिक उपयोग का उदाहरण है। विद्यार्थियों ने कक्षा में सीखी गई तकनीकी जानकारियों को वास्तविक समस्या के समाधान में बदलकर दिखाया है। उनकी यह उपलब्धि स्कूली स्तर पर नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के साथ रोबोटिक्स के क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं की क्षमता को भी सामने लाती है।----------------------------------------

फोटो

चिकित्सा अधिकारी भर्ती में 600 पदों से नाराज अभ्यर्थियों ने किया भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन

जयपुर। राजस्थान में चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध तेज हो गया है। भर्ती में महज 600 पद रखे जाने से नाराज चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने सोमवार को भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद अभ्यर्थियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने सहित कई मांगें रखीं। अभ्यर्थियों ने 600 पदों को बढ़ाकर 2000 करने की मांग की है।

चिकित्सा अधिकारी संघर्ष संघ से जुड़े डॉ. दीपक शर्मा ने बताया कि राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (आरयूएचएस) की ओर से चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा 13 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है। उनका कहना है कि पिछले 13 वर्षों में यह चिकित्सा अधिकारी भर्ती की सबसे कम पदों वाली प्रक्रिया है, जबकि प्रदेश में चिकित्सा अधिकारियों के 4000 से अधिक पद रिक्त हैं। ऐसी स्थिति में केवल 600 पदों पर भर्ती करना प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और योग्य चिकित्सक अभ्यर्थियों के हित में नहीं है।

उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए भर्ती का दायरा बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि अधिक योग्य चिकित्सकों को सरकारी सेवा में अवसर मिल सके और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिले।

संघर्ष समिति ने भर्ती परीक्षा की प्रस्तावित तारीख पर भी आपत्ति जताई है। अभ्यर्थियों की मांग है कि नीट-पीजी काउंसलिंग पूरी होने तक चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा स्थगित की जाए। उनका कहना है कि काउंसलिंग और भर्ती परीक्षा की समय-सारणी में टकराव होने से कई अभ्यर्थियों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे में परीक्षा की तारीख इस प्रकार निर्धारित की जाए, जिससे किसी भी अभ्यर्थी को नुकसान नहीं उठाना पड़े।

ज्ञापन में भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग भी की गई। डॉ. दीपक शर्मा ने कहा कि चयन प्रक्रिया में निर्धारित नियमों और मानकों का स्पष्ट रूप से पालन होना चाहिए, ताकि किसी भी स्तर पर पक्षपात या अनियमितता की आशंका नहीं रहे।

संघर्ष समिति के डॉ. कृष्णा उपाध्याय ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे चिकित्सक अभ्यर्थियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि पदों की संख्या बढ़ाकर भर्ती की जाती है तो चयनित चिकित्सा अधिकारी पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि चिकित्सक प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, सुलभ और बेहतर बनाने में सरकार के सहयोगी बनना चाहते हैं। इसके लिए रिक्त पदों को ध्यान में रखते हुए भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाना जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…