जेन्सेन हुआंग की एनवीडिया में वापसी तो हुई पर संदेह के बादल छंटे नहीं, अगले सप्ताह अमेरिकी कांग्रेस के सामने देनी होगी गवाही

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
वाशिंगटन (अमेरिका), 24 नवंबर (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र अमेरिका की चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया में जेन्सेन हुआंग की वापसी से विवाद बढ़ गया है। अमेरिकी कांग्रेस (संसद) की कई समितियों ने पुष्टि की है कि हुआंग अगले सप्ताह सांसदों के सामने पेश होकर सवालों के जवाब देंगे। इस मामले में डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन दोनों दलों के सांसदों ने चिंता जताई है। एनवीडिया के पूर्व प्रमुख जेन्सेन हुआंग को फिर कंपनी का अध्यक्ष, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और निदेशक मंडल का सदस्य नियुक्त करने पर गंभीर सवाल उठे हैं।
एक्सिओस और सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार. हुआंग ने इस महीने की शुरुआत में निजी संबंधों से जुड़े विवादों और कथित चीनी जासूसी संपर्कों की खबरों के बीच अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, 23 नवंबर को कंपनी के निदेशक मंडल ने उन्हें फिर से कंपनी का अध्यक्ष और सीईओ नियुक्त कर दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी वापसी का स्वागत किया है। बताया गया है कि हुआंग पहली दिसंबर को प्रतिनिधि सभा की तीन समितियों के सामने पेश होंगे। इनमें खुफिया मामलों की समिति, विदेश मामलों की समिति और चीन से जुड़े मामलों की विशेष समिति शामिल हैं।
इसके अलावा, सीनेट की बैंकिंग समिति ने भी उन्हें तीन दिसंबर को गवाही के लिए तलब किया है। खबर है कि एनवीडिया के जनरल काउंसिल टिम टीटर दो दिसंबर को इन समितियों के सामने स्वेच्छा से अपना पक्ष रखने पर सहमत हो गए हैं। खुफिया मामलों की समिति के प्रवक्ता ने कहा कि हुआंग को दोबारा सीईओ बनाए जाने से कांग्रेस की जांच पर कोई असर नहीं पड़ेगा। समिति का कहना है कि कंपनी के प्रमुख रहते हुए भी उनसे सवाल पूछे जाने थे और पद छोड़ने के बाद भी जांच जारी थी। अब उनकी वापसी से भी स्थिति नहीं बदलेगी। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई गंभीर सवालों के जवाब अभी मिलने बाकी हैं।
डेमोक्रेट सांसदों ने जताई नाराजगीः सीनेट में विपक्ष के नेता चक शूमर ने कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी ट्रंप प्रशासन, जेन्सेन हुआंग और एनवीडिया के अन्य अधिकारियों से जुड़े किसी भी गलत काम की जांच के लिए पूरी ताकत लगाएगी। सीनेटर एलिजाबेथ वॉरेन ने भी कहा कि हुआंग की वापसी से कंपनी की जवाबदेही खत्म नहीं हो जाती। कंपनी के अधिकारियों और निदेशक मंडल को कांग्रेस के सामने जवाब देना होगा।
उन्होंने निर्यात नियंत्रण से जुड़े कानूनों को जल्द लागू करने की जरूरत भी बताई। उनका कहना है कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि एनवीडिया ऐसे कानूनों को रोकने के लिए दबाव न बनाए, जिनका उद्देश्य अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करना है।
प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफ्रीज ने हुआंग की वापसी के फैसले को अनुचित और गैर-जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कंपनी और अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक की भूमिका की व्यापक जांच कराने की मांग की है। कैलिफोर्निया के सांसद रॉबर्ट गार्सिया ने भी इस मामले में राष्ट्रपति ट्रंप की कथित भूमिका पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि किसी राष्ट्रपति का किसी निजी कंपनी में निवेश है, तो उसे उस कंपनी के बोर्ड के फैसलों को प्रभावित नहीं करना चाहिए।
रिपब्लिकन सांसदों ने भी उठाए सवालः हुआंग की वापसी को लेकर केवल डेमोक्रेटिक सांसद ही सवाल नहीं उठा रहे हैं। रिपब्लिकन पार्टी के कुछ नेताओं ने भी कंपनी के फैसले पर संदेह जताया है। टेक्सास के सीनेटर जॉन कॉर्निन ने कंपनी बोर्ड के उस दावे पर सवाल उठाया, जिसमें कहा गया था कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। यूटा के सीनेटर जॉन कर्टिस ने भी पूछा कि आखिर ऐसा क्या बदल गया कि कुछ ही दिनों में बोर्ड ने अपना फैसला पलट दिया। उन्होंने कहा कि पहले कंपनी ने हुआंग को वापस लाने की कोई योजना नहीं होने की बात कही थी, लेकिन बाद में उन्हें फिर से सीईओ बना दिया गया। यह सब उस समय हुआ है, जब उनके खिलाफ स्वतंत्र जांच अभी जारी है। नॉर्थ डकोटा के सीनेटर केविन क्रेमर ने तो हुआंग की दोबारा नियुक्ति पर ही सवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि चीन से जुड़े सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए उन्हें फिर से कंपनी की जिम्मेदारी नहीं दी जानी चाहिए। क्रेमर ने अमेरिका में निर्यात नियंत्रण कानूनों को और सख्त बनाने की मांग की।
चीन को चिप निर्यात भी जांच के दायरे मेंः इस पूरे विवाद का एक महत्वपूर्ण पहलू एनवीडिया के चिप निर्यात से जुड़ा है। अमेरिकी सांसद यह जानना चाहते हैं कि कंपनी ने चीन सहित दूसरे देशों को अपने अत्याधुनिक चिप बेचने के दौरान अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों का पूरी तरह पालन किया या नहीं। अमेरिकी सरकार को आशंका है कि अत्याधुनिक चिप और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़ी तकनीक चीन की सैन्य और तकनीकी क्षमताओं को बढ़ाने में इस्तेमाल हो सकती है। इसी वजह से अमेरिका ने चीन को कुछ उन्नत चिप बेचने पर प्रतिबंध और नियंत्रण लगा रखे हैं। अब कांग्रेस की सुनवाई में हुआंग से कंपनी की कारोबारी नीतियों, चीन को चिप निर्यात और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों पर सवाल पूछे जाने की संभावना है।
ट्रंप की अपील का असरः कंपनी के अनुसार, बोर्ड ने हुआंग के साथ कई दौर की बातचीत और बैठकों के बाद उनकी वापसी का फैसला किया। बोर्ड का कहना है कि उसे हुआंग की स्पष्टवादिता और नेतृत्व क्षमता पर भरोसा है। इस फैसले से पहले अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी राय ली गई। हुआंग की वापसी के पीछे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। ट्रंप लगातार कंपनी के बोर्ड से उन्हें फिर से कंपनी की कमान सौंपने की अपील कर रहे थे। इस मुद्दे पर अमेरिकी प्रशासन के भीतर भी अलग-अलग राय सामने आई थी।
वित्त सचिव स्कॉट बेसेंट ने शुरुआत में कंपनी में नए बाहरी सीईओ और बड़े बदलाव की जरूरत बताई थी। हालांकि बाद में उन्होंने अपना रुख नरम कर लिया। दूसरी ओर, वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक की चीन को एनवीडिया के चिप निर्यात से जुड़े फैसलों को लेकर आलोचना हुई थी। इस मुद्दे पर अमेरिकी प्रशासन के अधिकारियों के बीच मतभेद भी सामने आए। गौरतलब है कि एनवीडिया के बोर्ड अध्यक्ष हार्वे जोन्स ने महज छह दिन पहले कहा था कि कंपनी हुआंग को वापस लाने की योजना नहीं बना रही है। इसके बावजूद ट्रंप, एलन मस्क और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने उनकी वापसी का समर्थन किया ।
शेयर बाजार में आई तेजीः हुआंग की वापसी की घोषणा का असर अमेरिकी शेयर बाजार में भी दिखाई दिया। शुरुआती कारोबार में एनवीडिया के शेयरों में करीब 30 से 33 प्रतिशत तक उछाल दर्ज किया गया। निवेशकों ने इस फैसले का स्वागत किया। हालांकि कुछ निवेशकों की चिंता अभी भी बनी हुई है। उन्हें आशंका है कि हुआंग को अमेरिकी कांग्रेस के सामने कंपनी के कामकाज और दूसरे विवादों पर जवाब देने में काफी समय देना पड़ सकता है।
विवादों के बीच वापसीः हुआंग की वापसी ऐसे समय हुई है, जब उनका नाम कई विवादों से जुड़ा हुआ है। मीडिया रिपोर्टों में एक महिला के साथ उनके कथित संबंधों का खुलासा हुआ है। इस महिला के चीनी खुफिया तंत्र से संपर्क होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, यह अभी जांच का विषय है और महिला के जासूस होने की पुष्टि नहीं हुई है। इसके अलावा, हुआंग के निजी आचरण और कंपनी के कुछ अधिकारियों तथा कर्मचारियों के साथ उनके कथित व्यवहार को लेकर भी सवाल उठे हैं। अमेरिकी कांग्रेस में भी इस मामले को लेकर कंपनी पर दबाव है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कंपनी ने दूसरे देशों में अपने चिप उत्पादों की बिक्री से जुड़े नियमों का पालन किया या नहीं।
जांच जारी रहेगी, नई समिति भी बनाईः एनवीडिया ने स्पष्ट किया है कि हुआंग की वापसी के बावजूद उनके खिलाफ स्वतंत्र जांच जारी रहेगी। कंपनी सरकारी जांच में भी पूरा सहयोग करेगी। इसके साथ ही कंपनी ने राष्ट्रीय सुरक्षा और निर्यात नियंत्रण से जुड़े मामलों की निगरानी के लिए निदेशक मंडल की एक विशेष समिति बनाई है। कंपनी एक नए मुख्य अनुपालन अधिकारी (चीफ कंप्लायंस ऑफिसर) की नियुक्ति भी करने जा रही है। इस बीच, अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहीं कोलेट क्रेस अब अपनी पुरानी भूमिका यानी मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) के पद पर लौटेंगी।
हुआंग ने कहाः अपनी वापसी पर जेन्सेन हुआंग ने कहा कि उन्हें एनवीडिया में लौटने और नई औद्योगिक क्रांति की शुरुआत के दौर में दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकी कंपनियों में से एक का नेतृत्व करने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि वह इस जिम्मेदारी को पूरी विनम्रता और नए संकल्प के साथ निभाएंगे। उल्लेखनीय है कि लगभग 11 दिन पहले उन्होंने एक महिला के साथ अपने संबंधों को लेकर हुए विवाद के बाद इस्तीफा दिया था। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक था कि वह महिला चीन के लिए जासूसी कर रही थी, हालांकि चीन ने इससे इनकार किया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, हुआंग का एनवीडिया में ही काम करने वाली एक महिला कर्मचारी के साथ भी अफेयर था। बोर्ड के अध्यक्ष हार्वे सी. जोन्स ने सोमवार को बयान में कहा, बोर्ड का मानना है कि एनवीडिया का नेतृत्व करने के लिए वह ही सही व्यक्ति हैं। उन्हें वापस लाना हमारे शेयरधारकों, कर्मचारियों, भागीदारों और ग्राहकों के हित में है।
ट्रंप ने लिखाः ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' लिखा, एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने जेन्सेन हुआंग को वापस सीईओ बनाने का बिल्कुल सही फैसला लिया है। देश को एनवीडिया में जेन्सेन के नेतृत्व की जरूरत है, ताकि न केवल कंपनी, बल्कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सफलता और समृद्धि सुनिश्चित हो सके। अमेरिकी सरकार के पास ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि जेन्सेन की एनवीडिया में वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद