पांच जिलों के 521 वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा पर रवाना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026: जिला कलेक्टर ने ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
जोधपुर, 13 नवम्बर (हि.स.)। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को भगत की कोठी रेलवे स्टेशन से 521 वरिष्ठ नागरिकों को लेकर विशेष तीर्थयात्रा ट्रेन रवाना हुई। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने शुक्रवार दोपहर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पूर्व उन्होंने फीता काटकर यात्रियों का स्वागत किया तथा ट्रेन की पेन्ट्री (रसोई) का उद्घाटन किया। उन्होंने यात्रियों से आत्मीय संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी तथा सुखद, सुगम एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाएगा। देवस्थान विभाग जोधपुर के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश पालीवाल ने बताया कि इस यात्रा में जोधपुर, फलोदी, जैसलमेर बाड़मेर, बालोतरा सहित जोधपुर संभाग के कुल 5 जि़लों के वरिष्ठ नागरिक 521 वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए हैं।
ट्रेन जयपुर एवं भरतपुर होते हुए अयोध्या, हरिद्वार, ऋषिकेश, वाराणसी एवं सारनाथ सहित विभिन्न प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा करेगी तथा 18 नवम्बर को सायं 7.30 बजे पुन: जोधपुर वापस पहुंचेगी। लगभग छह से सात दिनों की इस यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षा एवं सुविधाओं के समुचित प्रबंध किए गए हैं।
यात्रियों की सहायता एवं सुरक्षा के लिए राजस्थान सरकार के एक राजपत्रित अधिकारी को ट्रेन प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त राजस्थान सरकार के दो-दो सरकारी कार्मिकों को अनुरक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। प्रत्येक कोच में दो-दो कार्मिक यात्रियों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे। ट्रेन में चिकित्सक एवं मेडिकल टीम भी साथ रहेगी, ताकि यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल सके। ट्रेन के विभिन्न ठहराव स्थलों पर भी यात्रियों के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश