Live VNS

अनूपपुर: नर्मदा मंदिर ट्रस्ट की 21वीं बैठक में कई अहम निर्णय, मूल पौराणिक स्वरूप में होगा अमरकंटक मंदिर परिसर का विकास

अनूपपुर: नर्मदा मंदिर ट्रस्ट की 21वीं बैठक में कई अहम निर्णय, मूल पौराणिक स्वरूप में होगा अमरकंटक मंदिर परिसर का विकास

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

अनूपपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक स्थित श्री नर्मदा मंदिर (नर्मदा उद्गम) ट्रस्ट की 21वीं सामान्य बैठक गुरुवार को नगर परिषद अमरकंटक के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष एवं शहडोल संभागायुक्त सुरभि गुप्ता ने की। बैठक में सांसद हिमाद्री सिंह, पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह, कलेक्टर रत्नाकर झा, वन मंडलाधिकारी डेविड वेंकट राव चनाप, अनुविभागीय दंडाधिकारी पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट सहित ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में नर्मदा उद्गम मंदिर के मूल एवं पौराणिक स्थापत्य स्वरूप की पुनर्स्थापना, प्राचीन मंदिरों एवं सांस्कृतिक स्थलों के दस्तावेजीकरण, संरक्षण एवं संवर्धन पर चर्चा की गई। इसके साथ ही उद्गम कुंड एवं मंदिर परिसर में जल गुणवत्ता बनाए रखने, जीरो डिस्चार्ज व्यवस्था लागू करने, प्लास्टिक प्रतिबंध, अतिक्रमण नियंत्रण, नो कंस्ट्रक्शन जोन तथा धार्मिक मर्यादाओं का पालन सुनिश्चित करने के संबंध में निर्णय लिए गए।

बैठक में ट्रस्ट का वार्षिक आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया तथा मासिक आय पंजी के नियमित संधारण का निर्णय लिया गया। नर्मदा उद्गम मंदिर के प्रवेश एवं निकास द्वार पर काऊ कैचर लगाने तथा द्वारों को उनके मूल पौराणिक स्वरूप के अनुरूप आकर्षक एवं भव्य बनाने पर भी चर्चा की गई। मंदिर प्रांगण एवं माई की बगिया को प्राचीन स्थापत्य स्वरूप में विकसित करने तथा उद्गम कुंड एवं स्नान क्षेत्र के जल की शुद्धता बनाए रखने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के माध्यम से प्रतिमाह जल के नमूने लेने का निर्णय लिया गया। मंदिर परिसर से निकलने वाले जल एवं पूजन सामग्री के वैज्ञानिक प्रबंधन पर भी विचार-विमर्श किया गया।

मंदिर एवं उद्गम क्षेत्र के आसपास अनाधिकृत अतिक्रमण तथा सीमेंट-कंक्रीट से निर्मित संरचनाओं को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से हटाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मंदिर परिसर के आसपास स्वच्छता व्यवस्था, प्रतिबंधित गतिविधियों पर प्रभावी रोक, यातायात एवं आवागमन नियंत्रण तथा अमरकंटक सीवरेज योजना के सुदृढ़ीकरण की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित निर्देशों का निरंतर पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर भी कई निर्णय लिए गए। इनमें कोटि तीर्थ घाट के दोनों घाटों पर शेड निर्माण, माई की बगिया स्थित पूजा स्थल मंडप के चारों ओर ग्रिल लगाने, मुख्य मंदिर की यज्ञशाला एवं माई की बगिया स्थित धूना शेड की मरम्मत शामिल है। इसके साथ ही माई की बगिया में रसोई शेड निर्माण तथा पानी की सतत आपूर्ति के लिए पानी की टंकी स्थापित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में लिए गए इन निर्णयों का उद्देश्य अमरकंटक के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को संरक्षित करने के साथ ही नर्मदा उद्गम क्षेत्र की स्वच्छता, पवित्रता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…