विवेक ठाकुर की नियुक्ति से हिमाचल का सम्मान बढ़ा, दवाओं के सैंपल फेल होना शर्मनाक : शांता कुमार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
शिमला, 26 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि आज के दो समाचारों में से एक ने स्वाभिमान से सिर ऊंचा कर दिया, जबकि दूसरे समाचार ने शर्म से सिर झुका दिया।
शांता कुमार ने वीरवार काे एक बयान में कहा कि हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विवेक ठाकुर को त्रिपुरा उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि छोटे से हिमाचल प्रदेश के लिए यह बड़े सम्मान की बात है। विवेक ठाकुर के पिता उनके मित्र और सहयोगी रहे हैं तथा परिवार से उनके निकट संबंध भी हैं। उन्होंने इस नियुक्ति पर विवेक ठाकुर को हार्दिक बधाई दी।
वहीं, देशभर में 324 दवाओं के सैंपल फेल होने, जिनमें हिमाचल में निर्मित 91 दवाएं शामिल हैं, पर चिंता जताते हुए शांता कुमार ने इसे शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि दवाओं की गुणवत्ता में कमी गंभीर अपराध है। भारत दुनिया में जेनेरिक दवाओं का प्रमुख निर्माता है और देश की दवा उद्योग से लाखों लोगों को रोजगार मिलता है। बार-बार दवाओं के सैंपल फेल होने से उद्योग की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। दवाओं में मिलावट और गुणवत्ता की अनदेखी का कारण भ्रष्टाचार है। अधिक उम्र के लोगों को नियमित दवाएं लेनी पड़ती हैं, ऐसे में इस प्रकार की खबरें चिंता और परेशानी पैदा करती हैं। उन्होंने सरकार से दवा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कठोर कदम उठाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला