Live VNS

श्मशान में चिता से छेड़छाड़ के वीडियो से चर्चा में आईं, अब जमीन मामले में!

श्मशान में चिता से छेड़छाड़ के वीडियो से चर्चा में आईं, अब जमीन मामले में!

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

उज्जैन, 20 नवंबर (हि.स.)। धार्मिक नगरी उज्जैन के चक्रतीर्थ श्मशान में जलती चिता से कथित छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आईं अघोरी काली उर्फ नंद गिरी एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार उन पर एक किसान की पैतृक जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर मंदिर निर्माण कराने का आरोप लगा है। पीड़ित किसान ने भैरवगढ़ थाना पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर जमीन को कब्जे से मुक्त कराने और कार्रवाई की मांग की है। विवादित जमीन सिंहस्थ-2028 मेला क्षेत्र में स्थित बताई जा रही है।

बड़ोदिया पान निवासी किसान अजहर लाला ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके पिता असलम लाला के नाम साडू माता मंदिर के पास इंदौर बायपास रोड पर 28 बीघा पैतृक जमीन है। किसान का आरोप है कि इस जमीन के मुख्य मार्ग से लगे सामने के हिस्से पर अघोरी काली उर्फ नंद गिरी ने कब्जा कर लिया है। उनके अनुसार, करीब पांच हजार वर्गफीट से अधिक जमीन पर मंदिर बनाकर पक्का निर्माण भी करा लिया गया है।

विरोध करने पर हथियार लेकर दौड़ाने का आरोप

किसान अजहर लाला का कहना है कि उन्होंने कई बार जमीन पर हो रहे कथित अवैध निर्माण का विरोध किया और बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने का प्रयास भी किया। आरोप है कि जब भी वह या उनके परिजन निर्माण का विरोध करने अथवा बातचीत करने पहुंचते हैं, तो अघोरी काली उर्फ नंद गिरी उग्र हो जाती हैं। किसान ने आरोप लगाया कि वह हथियार लेकर उनके और परिजनों के पीछे दौड़ती हैं। लगातार विवाद और कथित धमकियों से परेशान होकर उन्होंने पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारियों से शिकायत की है।

राजस्व जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले में भैरवगढ़ थाना पुलिस का कहना है कि विवाद जमीन के स्वामित्व और निर्माण से संबंधित है। जमीन का वास्तविक मालिक कौन है और संबंधित स्थान पर मंदिर निर्माण के लिए अनुमति ली गई है या नहीं, इसकी जांच राजस्व विभाग के माध्यम से कराई जाएगी। राजस्व विभाग की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अघोरी काली का पक्ष नहीं आया सामने

इस मामले में अघोरी काली उर्फ नंद गिरी का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया। उनका फोन उनके सहायक ने उठाया। सहायक ने बताया कि फिलहाल वे व्यस्त हैं और बाद में इस मामले में अपना पक्ष रखेंगी। फिलहाल जमीन पर कब्जे और निर्माण को लेकर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि राजस्व जांच के बाद ही हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…