Live VNS

चीन के शेनझेन में आज होने वाली शी, ट्रंप, पुतिन की बैठक पर दुनिया की नजर

चीन के शेनझेन में आज होने वाली शी, ट्रंप, पुतिन की बैठक पर दुनिया की नजर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

शेनझेन (चीन), 19 नवंबर (हि.स.)। चीन के दक्षिणी-पूर्वी शहर शेनझेन में 33वें एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक/एपीईसी) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने दुनिया के अनेक नेता पहुंचे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत 21 देशों के राष्ट्राध्यक्ष इस सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। पुतिन ने भी चीन के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बातचीत की। इसके अलावा तीनों नेताओं समेत अन्य देशों के प्रमुखों ने सम्मेलन में सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।

ग्लोबल टाइम्स, शिन्हुआ, सीबीएस न्यूज, सीएनएन और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहली बार औपचारिक त्रिपक्षीय बैठक करेंगे। यूक्रेन युद्ध, ईरान संघर्ष, परमाणु हथियारों और व्यापारिक टकराव के बीच इस बैठक पर दुनिया की निगाहें हैं। बुधवार को शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन ने द्विपक्षीय बातचीत की। ट्रंप भी चीन पहुंचे। शी जिनपिंग ने उनका स्वागत किया। एपीईसी सम्मेलन की पारिवारिक फोटो से पहले तीनों नेता एक साथ नजर आए। पुतिन और ट्रंप ने हाथ मिलाया। आज सम्मेलन के इतर औपचारिक बैठक प्रस्तावित है। पुतिन ने इससे बड़े लाभ की उम्मीद जताई है।

इस औपचारिक बैठक में यूक्रेन युद्ध अहम मुद्दा हो सकता है। ट्रंप ने जिनपिंग और पुतिन के साथ इस पर चर्चा की बात कही है। चिंता है कि यूक्रेन और यूरोपीय देशों की गैरमौजूदगी में उनके भविष्य पर फैसले न हों। इसी वजह से बैठक की तुलना 1945 के याल्टा सम्मेलन से की जा रही है, जहां महाशक्तियों ने युद्ध के बाद की विश्व व्यवस्था तय करने में भूमिका निभाई थी।

बैठक से पहले अमेरिका-चीन के बीच चिप विवाद गहरा गया है। वाशिंगटन ने चीन की उन्नत एआई चिप तक पहुंच पर पाबंदियां लगाई हैं। चीन ने इसका विरोध करते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। दूसरी ओर अमरीका चीन से दुर्लभ खनिजों (रेयर अर्थ) की आपूर्ति बढ़ाने की अपेक्षा कर रहा है। तकनीक और व्यापार का यह तनाव भी अहम है। तीनों नेताओं की इस बैठक में अमरीका-ईरान संघर्ष और परमाणु नियंत्रण पर भी चर्चा हो सकती है।

फरवरी 2026 में अमरीका-रूस की प्रमुख परमाणु संधि न्यू स्टार्ट समाप्त हो गई। वाशिंगटन चाहता है कि चीन भी नियंत्रण वार्ता में शामिल हो, जबकि बीजिंग का कहना है कि पहले अमेरिका और रूस अपने बड़े परमाणु भंडार घटाएं। शी जिनपिंग ने एपीईसी सम्मेलन में संरक्षणवादी नीतियों का विरोध करते हुए मुक्त व्यापार और वैश्विक सहयोग की अपील की। पुतिन ने पश्चिमी प्रतिबंधों को रूस की अर्थव्यवस्था रोकने में विफल बताया। ट्रंप चीन पहुंचने से पहले क्वाड नेताओं की बैठक में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…