शेषनाग झील सुरक्षित है और इस पहाड़ी झील के पास सड़क निर्माण कार्य से कोई क्षति नहीं हुई है- सरकार
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
श्रीनगर, 25 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सरकार ने बुधवार को कहा कि शेषनाग झील सुरक्षित है और इस पहाड़ी झील के पास सड़क निर्माण कार्य से कोई क्षति नहीं हुई है। वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण मंत्री अल्ताफ अहमद कालू ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) पर उत्तर प्रदेश में चुनावी लाभ के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने में मदद करने का आरोप लगाया। मंत्री ने कहा कि उनके निर्देशों के बाद विभागीय टीमों ने स्थल का निरीक्षण किया और पाया कि झील को कोई क्षति नहीं हुई है।
पहलगाम में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए मंत्री ने क्षेत्र का ताजा वीडियो फुटेज साझा करते हुए कहा कि यह शेषनाग झील की वर्तमान स्थिति है। शेषनाग को कुछ नहीं किया गया है। झील में मिट्टी का एक भी कण नहीं गया है। उन्होंने कहा कि प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) से लेकर रेंज अधिकारी तक के अधिकारियों के साथ-साथ वन सुरक्षा बल, वन्यजीव और प्रादेशिक विंग के कर्मियों ने भी स्थल का दौरा किया था, उन सभी ने उस क्षेत्र का भी दौरा किया।
झील के पास बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) के चल रहे काम को लेकर जताई जा रही चिंताओं को खारिज करते हुए मंत्री ने कहा कि ट्रैक को कोई नुकसान नहीं पहुँचाया गया है और न ही कोई मिट्टी जल निकाय में गिरी है। उन्होंने कहा कि बीआरओ ने ट्रैक को नहीं छेड़ा है। और झील में मिट्टी का एक कण भी नहीं गया है।
मंत्री ने पीडीपी पर आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए इस विवाद को लेकर राजनीतिक माहौल बनाने में मदद करने का आरोप लगाया। इस बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने झील के पास चल रहे काम में किसी भी तरह की अनियमितता की जांच के लिए वन मंत्री से रिपोर्ट मांगी है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता तनवीर सादिक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो का संज्ञान लिया है और वन मंत्री से रिपोर्ट मांगी है। यह विवाद इस सप्ताह की शुरुआत में तब शुरू हुआ जब एक जेसीबी ऑपरेटर द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में झील के पास सड़क निर्माण के लिए क्रॉलर एक्सकेवेटर का इस्तेमाल करते हुए दिखाया गया जिससे संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों को लेकर चिंताएं बढ़ गईं।
मंगलवार को पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शेषनाग जाने का प्रयास किया लेकिन पहलगाम के चंदनवारी में पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें आगे नहीं जाने दिया। वीडियो की आलोचना हुई थी। राजनीतिक नेताओं, धार्मिक हस्तियों और पर्यावरणविदों ने अल्पाइन झील के पास चल रहे निर्माण कार्य के पारिस्थितिक प्रभाव पर चिंता व्यक्त की। अमरनाथ गुफा के मार्ग पर 3,590 मीटर की ऊंचाई पर स्थित शेषनाग झील, जम्मू और कश्मीर में पहचाने गए 14 उच्च जोखिम वाली हिमनदी झीलों में से एक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता