डीएपी खाद की बोरी 2100 रुपये में बेचने का आरोप, किसानों ने तहसीलदार से की कार्रवाई की मांग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
करैरा (शिवपुरी), 12 नवंबर (हि.स.)। रबी फसल की बुवाई के बीच खाद की बढ़ती मांग के बीच मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर डीएपी खाद बेचने का मामला सामने आया है। करैरा तहसील के ग्राम सिरसौद में एक खाद विक्रेता पर डीएपी की बोरी 2100 रुपये में बेचने का आरोप लगाते हुए किसानों ने तहसीलदार रणजीत सिंह को लिखित शिकायत सौंपी है। किसानों ने मामले की जांच कर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में ग्राम सिरसौद निवासी खाद विक्रेता अमित गुप्ता, पुत्र अवधेश गुप्ता पर निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, डीएपी खाद की एक बोरी की कीमत 1500 रुपये बताई गई है, जबकि विक्रेता द्वारा किसानों से 2100 रुपये लिए जा रहे हैं। इस तरह प्रति बोरी 600 रुपये अतिरिक्त वसूले जाने का आरोप है।
स्टॉक और बिक्री दर की जांच की मांग
तहसीलदार को सौंपे गए आवेदन में शिकायतकर्ता चरण सिंह लोधी ने मामले का उल्लेख करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। किसानों ने खाद विक्रेता के स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, बिल और निर्धारित विक्रय मूल्य की जांच कराने की बात कही है। उनका कहना है कि यदि जांच में निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने की पुष्टि होती है तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
किसानों पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ
किसानों का कहना है कि रबी फसलों की बुवाई के दौरान डीएपी खाद की आवश्यकता अधिक रहती है। ऐसे समय में यदि खाद विक्रेताओं द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली जाती है तो किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। किसानों ने प्रशासन से खाद दुकानों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित दर पर खाद की बिक्री सुनिश्चित कराने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा