Live VNS

रूस की अंतरराष्ट्रीय एआई प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचे करैरा के 12 वर्षीय सिद्धांत नीखरा

रूस की अंतरराष्ट्रीय एआई प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचे करैरा के 12 वर्षीय सिद्धांत नीखरा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

शिवपुरी, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की करैरा तहसील के ग्राम सिरसौद निवासी 12 वर्षीय सिद्धांत नीखरा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। रूस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) चैलेंज-2026 में 75 से अधिक देशों के 10 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों के बीच सिद्धांत ने जूनियर श्रेणी में 97.2 प्रतिशत एक्यूरेसी हासिल कर फाइनल में जगह बनाई है। इस प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुंचने वाले वह भारत के एकमात्र प्रतिभागी हैं।

रूस के विशेष अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में मिला आमंत्रण

इस उपलब्धि के बाद सिद्धांत को 26 नवंबर 2026 को रूस में आयोजित विशेष अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण मिला। कार्यक्रम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति सहित विभिन्न देशों की प्रमुख हस्तियों ने सहभागिता की। सिद्धांत को अपने पिता डॉ. योगेश नीखरा के साथ कार्यक्रम में शामिल होने का विशेष निमंत्रण मिला। कार्यक्रम में उन्हें दूसरी पंक्ति में स्थान दिया गया। कार्यक्रम में प्रवेश से पहले निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तीन बार पीसीआर टेस्ट कराया गया। इसके बाद अन्य सुरक्षा औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें प्रवेश दिया गया।

एआई के भविष्य और वैश्विक उपयोग पर हुई चर्चा

कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती संभावनाओं, भविष्य में इसके उपयोग, विभिन्न देशों की सरकारों की भूमिका तथा मानव जीवन और विकास में एआई की उपयोगिता पर चर्चा हुई। विश्व के प्रमुख नेताओं और विशेषज्ञों ने तकनीक के क्षेत्र में उभरती चुनौतियों एवं संभावनाओं पर विचार साझा किए।

इस दौरान सिद्धांत को रूस और कजाकिस्तान के राष्ट्रपतियों की ओर से विशेष उपहार भी दिए गए। इनमें कजाकिस्तान की प्रसिद्ध चॉकलेट, इलेक्ट्रॉनिक डायरी, एआई सिरी स्पीकर और एआई बुक सहित अन्य उपहार शामिल हैं।

छह वर्षों से आयोजित हो रही प्रतियोगिता

उल्लेखनीय है कि रूस में पिछले छह वर्षों से लगातार आयोजित हो रही इस ऑनलाइन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के विभिन्न देशों के प्रतिभागी हिस्सा लेते हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता में तीन आयु वर्ग निर्धारित किए गए थे। इनमें 13 वर्ष से कम आयु के प्रतिभागियों के लिए बिगिनर, 18 वर्ष से कम आयु के लिए जूनियर तथा कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए अलग श्रेणी रखी गई थी। प्रतियोगिता में व्यक्तिगत और टीम दोनों प्रारूपों में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

सिद्धांत ने जूनियर श्रेणी में अपनी तकनीकी दक्षता और एआई की समझ का प्रदर्शन करते हुए 97.2 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ फाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता से जुड़े विभिन्न सत्रों में 27 और 28 नवंबर को उनकी सहभागिता निर्धारित है। 28 नवंबर को उनका साक्षात्कार भी होना है, जिसे प्रतियोगिता का महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है।

सिरसौद से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर

सिद्धांत मूलतः शिवपुरी जिले की करैरा तहसील के ग्राम सिरसौद के निवासी हैं। उनके पिता डॉ. योगेश नीखरा भोपाल में स्वास्थ्य विभाग में उपसंचालक (डीडी, डीएचएस) के पद पर पदस्थ हैं, जबकि उनकी माता डॉ. राधिका नीखरा भी भोपाल स्वास्थ्य विभाग में उपसंचालक हैं। सिद्धांत भोपाल के रोहित नगर स्थित एसपीएस स्कूल में कक्षा छठवीं के विद्यार्थी हैं। आगामी 7 दिसंबर को वह 12 वर्ष की आयु पूरी करेंगे।

ग्रामीण अंचल से जुड़ाव रखने वाले सिद्धांत ने इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय तकनीकी प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचकर शिवपुरी जिले और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अब सभी की निगाहें 28 नवंबर को होने वाले साक्षात्कार और प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम पर टिकी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…