भारत की पहली स्वदेशी चिकन एच5एन1 वैक्सीन का शिवराज सिंह कल करेंगे लोकार्पण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (आईसीएआर–एनआईएचएसएडी), भोपाल ने मुर्गियों के लिए भारत की पहली स्वदेशी निष्क्रिय एच 5एन 1 वैक्सीन विकसित की है। इस वैक्सीन के परीक्षणों में 6 माह की सुरक्षात्मक प्रतिरक्षा और संपर्क में रखे पक्षियों में वायरस संचरण नहीं पाया गया। कल शुक्रवार को वे भोपाल में देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन एच5एन1 (क्लेड 2.3.2.1ए) राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह गुरुवार को कहा कि भारत ने बर्ड फ्लू से बचाव के लिए पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन की विकसित की है। यह स्वदेशी एच5एन1 चिकन वैक्सीन भोपाल के आईसीएआर में तैयार हुई है। इस स्वदेशी चिकन वैक्सीन को भोपाल के आईसीएआर–एनआईएचएसएडी ने विकसित की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि ये वैक्सीन मुर्गियों-पक्षियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए कारगर साबित होगी। इससे भारत में बर्ड फ्लू नियंत्रण को मजबूती और मुर्गियों को सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बर्ड फ्लू से मुर्गियों की बड़े पैमाने पर मौत से पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होता था।
शिवराज सिंह ने बताया कि देश में वर्ष 2006 से अब तक एच5एन1 और एच5ए8 के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। एच5एन1 वायरस के खिलाफ अब तक कोई विशिष्ट वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। भोपाल के आईसीएआर–एनआईएचएसएडी ने इस चुनौती से निपटने के लिए स्वदेशी वैक्सीन विकसित की है। इस नई वैक्सीन से मुर्गियों को बर्ड फ्लू से सुरक्षा देने और पोल्ट्री किसानों के आर्थिक नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (एचपीएआई), जिसे आमतौर पर बर्ड फ्लू कहा जाता है, मुर्गियों और अन्य पक्षियों को प्रभावित करने वाली गंभीर बीमारी है। इसके प्रकोप से संक्रमित पक्षियों में लगभग 100 प्रतिशत तक मृत्यु हो सकती है। इससे बड़े पैमाने पर पक्षियों को मारने और व्यापार पर प्रतिबंध लगने के कारण पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होता था।
इस बीमारी का प्रभाव केवल पोल्ट्री फार्मों तक सीमित नहीं रहता बल्कि वैश्विक व्यापार, पोल्ट्री उत्पादों की कीमतों और किसानों की आजीविका पर भी पड़ता है। वर्ष 2006 में भारत में पहली बार इस बीमारी का पता चलने के बाद से देश में एच5एन1 और एच5एन8 उपप्रकारों के 500 से अधिक संयुक्त प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं।
बर्ड फ्लू का एक बड़ा प्रकोप भारत की जीडीपी वृद्धि को 1.5 प्रतिशत तक कम कर सकता है। यदि बीमारी अनियंत्रित रूप से फैलती है तो देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी के प्रभावित होने और नष्ट होने का खतरा है। वर्ष 2006 में बर्ड फ्लू के प्रकोप से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से अनुमानित 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। मणिपुर में भी एक प्रकोप के कारण राज्य की जीडीपी के 0.5 प्रतिशत के बराबर नुकसान हुआ था। यह बीमारी सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए भी चिंता का विषय है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, वर्ष 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में एच5एन1 एवियन इन्फ्लुएंजा के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मृत्यु हुई है।
वायरस के अध्ययन से पता चला है कि एच5एन1 का क्लेड 2.3.2.1ए नामक स्वरूप मुर्गियों में बर्ड फ्लू के अधिकांश प्रकोपों के लिए जिम्मेदार रहा है। हाल के समय में इस वायरस से होने वाले संक्रमण विभिन्न पशु प्रजातियों, जिनमें स्तनधारी भी शामिल हैं, में पाए गए हैं। इसके अलावा, मनुष्यों में भी इस संक्रमण के तीन मामले सामने आए हैं। इसलिए, पोल्ट्री किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने और मुर्गियों से अन्य पशुओं तथा मनुष्यों में इस वायरस के प्रसार को रोकने के लिए इसका नियंत्रण आवश्यक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामानुज शर्मा