राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की विशेष प्रतिवेदक शोमिता बिस्वास ने नैनीताल में ली समीक्षा बैठक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नैनीताल, 13 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग नई दिल्ली की विशेष प्रतिवेदक शोमिता बिस्वास की अध्यक्षता में शुक्रवार को राज्य अतिथि गृह नैनीताल क्लब में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मानवाधिकार संरक्षण और महिला, बालक, वृद्ध, दिव्यांग सहित समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने पीपीटी के माध्यम से अपनी योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत पंजीकृत किशोर व किशोरियों के राजकीय संस्थाओं संप्रेषण गृहों, राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र तथा राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की भी विस्तृत जानकारी ली गई।
बैठक में शोमिता बिस्वास ने निर्देश दिये कि सभी नाबालिग बालक-बालिकाओं का निर्धारित समय सीमा के भीतर निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए और उन्हें सरकार की ओर से संचालित योजनाओं एवं अन्य सुविधाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने, शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने तथा आश्रय गृहों, बाल कल्याण समिति और जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई की व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने के निर्देश भी दिये।
साथ ही उन्होंने आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग को बालक-बालिकाओं को मर्म चिकित्सा सहित अन्य चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ने के प्रयास करने को कहा, ताकि उनका शारीरिक स्वास्थ्य भी बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिये, जिससे संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, जिला प्रोबेशन अधिकारी वर्षा आर्या, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, जिला औषधि निरीक्षक अर्चना उप्पल, जिला समग्र शिक्षा अधिकारी अमित सनवाल, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. कृष्णा सिंह नपच्याल, पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी, बाल कल्याण पुलिस अधिकारी निशु गौतम, उप निरीक्षक सुनीता कुंवर, उप निरीक्षक चंपा जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा, धरोहर बाल आश्रय गृह के प्रकाश पांडे, पंचायती राज अधिकारी असलम अली, सहायक श्रम आयुक्त सुनील तिवारी और बाल कल्याण समिति के सदस्य गणेश बिष्ट सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और समन्वयक उपस्थित रहे। बैठक का समन्वय जिला प्रोबेशन अधिकारी नैनीताल वर्षा आर्या ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी