जम्मू-कश्मीर में रात के तापमान में भारी गिरावट, गुलमर्ग में गिरकर शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
श्रीनगर, 22 नवंबर (हि.स.)। पिछले 24 घंटों में पूरे जम्मू-कश्मीर में रात के तापमान में भारी गिरावट देखी गई है। ज़्यादातर जगहों पर तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर गया है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार रात श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो एक दिन पहले 2.0 डिग्री सेल्सियस था। यानी तापमान में 2.0 डिग्री की गिरावट आई है।
गुलमर्ग इस इलाके में सबसे ठंडा स्थान रहा जहाँ तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस से गिरकर शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो 2.6 डिग्री की गिरावट है। पहलगाम में भी तापमान फ्रीज़िंग पॉइंट से नीचे चला गया यहाँ तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस से गिरकर शून्य से नीचे 2.0 डिग्री सेल्सियस हो गया यानी 2.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि एक दिन पहले यह 0.8 डिग्री सेल्सियस था। वहीं काजीगुंड में तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 0.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। कोकरनाग में मामूली गिरावट देखी गई जहाँ तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस से घटकर 2.6 डिग्री सेल्सियस हो गया।
जम्मू संभाग में भी ठंड का असर दिखा। बनिहाल में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई जहाँ तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 1.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया यानी इसमें 3.4 डिग्री की कमी आई। जम्मू शहर में तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 10.6डिग्री सेल्सियस, कटरा में 12.6डिग्री सेल्सियस से गिरकर 10.6 डिग्री सेल्सियस और भद्रवाह में 3.6 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 1.7 डिग्री सेल्सियस हो गया।
केवल बटोत में इसके विपरीत स्थिति रही जहाँ तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 7.4 डिग्री सेल्सियस हो गया।
रात भर में तापमान में आई भारी गिरावट यह दर्शाती है कि दोनों संभागों में ठंड और बढ़ गई है। कश्मीर के अधिकांश केंद्रों पर अब न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु (फ्रीजिंग पॉइंट) या उससे नीचे दर्ज किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता