गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव पर पाकिस्तान गए तीन भारतीय सिख श्रद्धालु लापता

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरी, पाकिस्तानी बार्डर पर दी सूचना
चंडीगढ़, 26 नवंबर (हि.स.)। गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पाकिस्तान स्थित गुरुधामों की यात्रा पर गए भारतीय जत्थे से तीन सिख श्रद्धालु लापता हो गए हैं। गुरुवार को पाकिस्तान की तरफ से अटारी-बाघा बॉर्डर पर संयुक्त चेक पोस्ट पर स्थित एंबेसी शाखा को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद केंद्रीय विदेश मंत्रालय को इस बारे में सूचित किया गया।
पंजाब पुलिस के सीआईडी विंग तथा आईबी की टीमें लापता हुए तीन सिख श्रद्धालुओं के परिजनों तथा आसपास के क्षेत्रों में देर शाम तक पूछताछ करती रही। लापता हुए तीनों युवक पंजाब के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। इस वर्ष गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के लिए पाकिस्तान ने 3091 भारतीय सिख श्रद्धालुओं को वीजा जारी किए थे। इनमें से 2340 सीमा पार गए थे। जत्था 22 नवंबर को अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान पहुंचा था। इस जत्थे में अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गडग़ज भी शामिल हैं।
पाकिस्तानी एजेंसियों के अनुसार 25 नवंबर को श्री ननकाना साहिब से गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब जाते समय जब जत्थे की हाजरी ली गई तो तीन लोग उसमें से गायब मिले। उनके ठिकाने का पता नहीं चल पाया है। लापता बताए गए श्रद्धालुओं की पहचान जालंधर निवासी बिकर सिंह, तरनतारन जिला निवासी बिक्रमजीत सिंह तथा अमृतसर जिला निवासी हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। तीनों के जत्थे से अलग होने की परिस्थितियों को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
दूसरी तरफ पंजाब पुलिस तथा आईबी की टीमों ने भी लापता हुए सिख श्रद्धालुओं का रिकार्ड खंगालना शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं ने ननकाना साहिब स्थित गुरुद्वारा जन्म स्थान में प्रकाश पर्व मनाया। यात्रा कार्यक्रम के तहत 25 और 26 नवंबर को गुरुद्वारा सच्चा सौदा तथा हसन अब्दाल स्थित गुरुद्वारा पंजा साहिब के दर्शन निर्धारित थे। गुरुवार को दो हजार से अधिक भारतीय श्रद्धालुओं के पंजा साहिब पहुंचने की सूचना भी सामने आई है।
डीएसजीएमसी अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने कहा कि जब तक लापता श्रद्धालुओं के बारे में ठोस जानकारी नहीं मिलती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है। उन्होंने पाकिस्तान सरकार से मामले की गहन जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की कि श्रद्धालु स्वेच्छा से कहीं गए हैं या उनके साथ कोई घटना हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा