Live VNS

स्वतंत्रता आंदोलन में सिंधी पत्रकारिता ने निभाई थी निर्णायक भूमिका: प्रो. रवि टेकचंदानी

स्वतंत्रता आंदोलन में सिंधी पत्रकारिता ने निभाई थी निर्णायक भूमिका: प्रो. रवि टेकचंदानी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- एमसीयू के केआर मलकानी सिंधी पत्रकारिता एवं संचार केंद्र में विशेष व्याख्यान आयोजित

भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अखंड भारत के हर हिस्से के नागरिकों ने स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व झोंक दिया था, जिसमें सिंध क्षेत्र की पत्रकारिता का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। 1857 की सैनिक क्रांति से लेकर स्वराज स्थापना के संकल्प तक, सिंधी पत्रकारिता ने जनचेतना जगाने में अग्रणी भूमिका निभाई। ये विचार माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) के केआर मलकानी सिंधी पत्रकारिता एवं संचार अध्ययन केंद्र द्वारा 'स्वतंत्रता आंदोलन में सिंधी पत्रकारिता का योगदान' विषय पर आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता प्रो. रवि टेकचंदानी ने व्यक्त किए।

इस अवसर पर प्रो. टेकचंदानी ने प्रख्यात विचारक, चिंतक और संपादक केआर मलकानी को याद करते हुए कहा कि 1921 में सिंध में जन्मे मलकानी राष्ट्रवादी पत्रकारिता के प्रमुख स्तंभ थे। उन्होंने अपनी लेखनी और विचारों से स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई। सादगीपूर्ण जीवन जीने वाले मलकानी का भारतीय और सिंधी पत्रकारिता में योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि एमसीयू में स्थापित सिंधी पत्रकारिता एवं संचार अध्ययन केंद्र पूरे देश में अपनी तरह का पहला केंद्र है।

1843 से शुरू हुआ सिंधी पत्रकारिता का गौरवशाली इतिहास

सिंधी पत्रकारिता के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए प्रो. टेकचंदानी ने बताया कि इसकी शुरुआत 1843 में हुई थी। 'फवाद-अल-अखबार' और 'कराची एडवरटाइजर' इसके आरंभिक प्रकाशन थे, जबकि 'सिंध सुधा' सिंधी भाषा की पहली पत्रिका थी। 19वीं सदी के अंत तक सिंध क्षेत्र से लगभग 30 पत्र-पत्रिकाएं प्रकाशित होने लगी थीं। बंगाल विभाजन के विरोध में भी सिंधी पत्रकारों ने मुखर होकर आवाज उठाई, जिसके परिणामस्वरूप कई संपादकों को ब्रिटिश हुकूमत की कड़ी सजा झेलनी पड़ी।

अंग्रेजों के दमन का शिकार हुआ था 'हिंदू' पत्र

प्रो. टेकचंदानी ने तोलाराम बलानी सहित अनेक सिंधी पत्रकारों के संघर्षों को याद किया और 'सदा-ए-हिंद', 'देशमाता', 'नवयुग', 'हिंद आफताब' तथा 'हिंदवासी' जैसे प्रकाशनों के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने विशेष रूप से 'हिंदू' समाचार पत्र का उल्लेख करते हुए बताया कि महाराज लोकराम शर्मा और विष्णु शर्मा द्वारा प्रकाशित इस पत्र के आठ संपादकों को अंग्रेज सरकार का विरोध करने पर जेल जाना पड़ा था। 1921-22 में इस पर प्रतिबंध भी लगाया गया। धर्म और देश की उन्नति के उद्देश्य से शुरू हुए इस पत्र की उस दौर में 3,000 प्रतियां बिकती थीं। प्रारंभ में यह सिंधी और देवनागरी में छपता था, लेकिन तत्कालीन प्रचलन को देखते हुए इसे अरबी लिपि में भी प्रकाशित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को सिंधी पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न शोध विषयों पर कार्य करने के लिए प्रेरित भी किया।

विद्वानों ने रखे विचार, विद्यार्थियों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में मुरलीधर बलवानी और राजेंद्र मनवानी ने भी अपने विचार साझा किए। इससे पूर्व, कार्यक्रम के आरंभ में विश्वविद्यालय की कुलसचिव प्रो. (डॉ.) पी. शशिकला ने विषय की भूमिका प्रस्तुत की, जबकि प्रबंधन विभाग के अध्यक्ष डॉ. अविनाश वाजपेयी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संयोजन केंद्र की उप निदेशक डॉ. जया सुरजानी ने किया और अंत में भारतीय भाषा विभाग की अध्यक्ष डॉ. राखी तिवारी ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…